महिला पर 'बॉन्डेज सेक्स' के तरीक़े से प्रेमी की हत्या का आरोप, पुलिस ने क्या बताया

बेंगलुरू में एक महिला पर प्रेमी की हत्या करने का आरोप लगा है (सांकेतिक तस्वीर)

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, बेंगलुरू में एक महिला पर प्रेमी की हत्या करने का आरोप लगा है (सांकेतिक तस्वीर)
    • Author, इमरान क़ुरैशी
    • पदनाम, बेंगलुरू से बीबीसी हिंदी के लिए
  • पढ़ने का समय: 5 मिनट

(चेतावनी: इस र‍िपोर्ट के कुछ व‍िवरण व‍िचल‍ित कर सकते हैं. )

बेंगलुरू की एक महिला पर आरोप है कि उसने ''अच्छा समय बिताने" का वादा कर अपने प्रेमी को घर बुलाया और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. इसके बाद प्रेमी की मौत हो गई.

स्थानीय पुल‍िस के मुताब‍िक़, प्रेमा और किरण एक मोबाइल सर्विस कंपनी में साथ काम करते थे. उसी दौरान दोनों की दोस्ती हुई और पिछले लगभग एक साल के दौरान वे रिश्ते में रहे. लेकिन पिछले कुछ महीनों में उनके रिश्तों में खटास आ गई थी.

बेंगलुरु (उत्तर-पश्चिम) के डिप्टी पुलिस कमिश्नर नागेश डीएल ने बीबीसी हिन्दी से कहा, "प्रेमा को लगता था कि किरण उसकी उपेक्षा कर रहा है. असली वजह का पता विस्तार से पूछताछ के बाद ही चल पाएगा."

पुलिस के मुताबिक़, प्रेमा ने कथित तौर पर किरण को बयादरहल्ली थाना क्षेत्र के अंजन नगर स्थित अपने घर बुलाया.उस दौरान प्रेमा की माँ और उसके भाई काम पर जा चुके थे.

पुल‍िस का दावा है कि किरण के आते ही प्रेमा ने उसकी आंखों पर पट्टी बांधी. उसके हाथ बांध दिए और कपड़े उतार दिए. फिर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी.

पुलिस इसे "पूर्व-नियोजित हत्या" मान रही है. नागेश डीएल ने साफ़ किया "इस घटना का कोई वीडियो नहीं है.''

उनसे पूछा गया था क्या महिला ने इसे अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया था.

एक छोटी बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर मौजूद घर में आग लगने पर पड़ोसियों ने बाल्टियों से पानी डाला. लेकिन जब आग पर काबू नहीं पाया जा सका, तो उन्होंने दमकल कर्मियों और पुलिस को बुलाया.

शुरुआत में पुलिस को बताया गया कि किरण ने आत्महत्या की कोशिश की. लेकिन बाद में अभियुक्त से पूछताछ के दौरान पुलिस ने पुष्टि की कि यह हत्या का मामला था.

एफ़आईआर में कहा गया है कि मामला दर्ज करने में देरी इसलिए हुई क्योंकि किरण के पिता नरसिम्हाया को तुमकुरु ज़िले के चिक्कनायकानहल्ली स्थित अपने गांव से आना था.

एफ़आईआर में यह भी कहा गया है कि प्रेमा ने किरण की 'हत्या' करने का फ़ैसला इसलिए किया क्योंकि वो उससे शादी नहीं करना चाहता था.

जिस हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम हुआ, वहां नरसिम्हाया ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने अपने बेटे को बहुत प्यार से पाला था.

उन्होंने कहा, "मैंने उसे कभी पीटा तक नहीं. हमने उसे बेंगलुरू भेजा था, इस उम्मीद में कि वहां वो अपना बेहतर भविष्य बनाएगा."

वहीं प्रेमा के भाई गिरिशंकर ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा है, "मुझे बड़ी बहन के यहां जाना था, तो वहां के लिए निकल गया था. आग लगने के बारे में जानकारी मिली तो मैं भागकर देखने आया कि मेरी बहन सुरक्षित है या नहीं. मेरी बहन और वे, करीबी दोस्त थे."

बीडीएसएम क्या है और मामले से क्या है कनेक्शन

बीडीएसएम

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, बीडीएसएम बॉन्डेज, डिसिप्लिन, डॉमिनेंस, सबमिशन, सैडिज़्म और मैसोचिज़्म का संक्षिप्त रूप है
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
कहानी ज़िंदगी की

मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ.

एपिसोड

समाप्त

मामले की जांच करते हुए पुलिस ने इस हत्या के बीडीएसएम से जुड़े होने की आशंका भी जाहिर की है.

किसी पुरुष या महिला को बांधना यौन व्यवहार का हिस्सा माना जाता है, जिसे बीडीएसएम (बॉन्डेज, डिसिप्लिन, डॉमिनेंस, सबमिशन, सैडिज़्म और मैसोकिज़्म) कहा जाता है.

इसमें सहमति से कल्पनाओं के आधार पर भूमिका निभाए जाने वाले यौन व्यवहार शामिल होते हैं.

यह विषय हॉलीवुड फिल्म 'फ़िफ्टी शेड्स ऑफ ग्रे' के बाद चर्चा में आया.

पिछले साल तमिलनाडु के होसुर में भी एक ऐसा मामला सामने आया था जिसमें एक जिम ट्रेनर ने पुलिस को बताया था कि "बॉन्डेज सेक्स" के दौरान उसकी पत्नी की नाक से ख़ून बहने लगा, जिसके बाद वह उसे अस्पताल ले गया.

लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि उसने पत्नी के हाथ-पैर बांधकर कपड़े से उसका गला घोंट दिया था. बाद में उसे गिरफ़्तार कर लिया गया.

पत्नी के पिता ने आरोप लगाया कि दामाद दहेज़ के लिए उनकी बेटी को परेशान करता था. इसी वजह से दोनों के बीच झगड़े होते थे. हत्या के कुछ मामलों में अभियुक्त यह दावा ज़रूर करते हैं कि मौत बीडीएसएम के दौरान हुई, इसे फिफ्टी शेड्स डिफेंस के तौर पर जाना जाने लगा है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़ रूम की ओर से प्रकाशित

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)