'प्रभावित हो सकती है विकास दर'
भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर डी सुब्बाराव ने देश में सूखे की स्थिति के मद्देनज़र कृषि उत्पादन पर पड़ने वाले प्रभाव पर चिंता जताई है.

उनका कहना है कि हालात को देखते हुए देश की आर्थिक विकास दर के लक्ष्य पर असर पड़ सकता है और इसकी समीक्षा की जा सकती है.
हैदराबाद में एक सम्मेलन के दौरान रिजर्व बैंक के गवर्नर ने कहा कि अमरीकी फ़ेडेरल रिजर्व का ये कहना राहत की बात है कि अमरीकी अर्थव्यवस्था संतुलन की राह पर है.
लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि सूखे के कारण कृषि क्षेत्र में देश की हालत ख़राब है. देश के सकल घरेलू उत्पाद में कृषि का योगदान क़रीब 17 प्रतिशत है.
डी सुब्बाराव ने कहा, "कृषि क्षेत्र की स्थिति बहुत ख़राब है लेकिन अब भी उम्मीद क़ायम है. अगर अब भी बारिश होती है तो थोड़ी बहुत स्थिति सुधर सकती है. हालात को देखते हुए विकास दर का लक्ष्य फिर से निर्धारित किया जा सकता है."
रिजर्व बैंक ने इस साल छह फ़ीसदी विकास दर का लक्ष्य निर्धारित किया है.




























