घरेलू उड़ान के किराए में छूट
अगर आप अगले तीन दिनों के अंदर घरेलू विमान सेवाओं का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो ये आपके लिए सबसे अच्छा समय है.

पिछले दिनों पायलटों के काम पर न आने के कारण अपना अच्छा ख़ासा नुक़सान कर चुकी भारत की सबसे बड़ी निजी विमानसेवा कंपनी जेट एयरवेज़ ने घरेलू उड़ानों के लिए किराए में 50 फ़ीसदी की कटौती की घोषणा की.
ये कटौती शुक्रवार तक के लिए ही लागू है. जेट के इस क़दम के बाद अन्य विमान कंपनियाँ कैसे पीछे रहतीं, तो उन्होंने भी किराए में कटौती का ऐलान कर दिया.
विमान कंपनियों की इस होड़ में उपभोक्ताओं की चांदी ही चांदी है.
जेट ने घोषणा की है कि गुरुवार तक टिकट बुक करने और शुक्रवार तक यात्रा करने वालों को किराए में 50 फ़ीसदी तक छूट मिलेगी.
इसके बाद एयर इंडिया ने भी चुनिंदा घरेलू विमान सेवा के किराए में कटौती की घोषणा की है. ये कटौती 20 से 46 प्रतिशत तक की है.
किंगफ़िशर ने भी अपनी कुछ घरेलू विमानसेवाओं के किराए में छूट देने की घोषणा की है.
हाल ही में तेल कंपनियों ने इन विमानसेवा देने वाली कंपनियों को राहत देते हुए विमान ईंधन की क़ीमत में छूट दी थी.
































