गूगल ने चीन में मोबाइल लाना टाला

गूगल ने चीन के साथ 'सेंसरशिप' विवाद के बाद अपने दो नए मोबाइल फ़ोन चीन के बाज़ार मे उतारने की योजना स्थगित कर दी है.
गूगल औपचारिक तौर पर इन मोबाइल सेट्स को बुधवार को चीन के बाज़ार मे उतारने वाला था.
ये घोषणा उस समय आई है जब चीन की सरकार ने कहा कि गूगल और दूसरी विदेशी कंपनियों को देश के क़ानून और पंरपराओं को मानना ही होगा.
गूगल ने पिछले सप्ताह कहा था कि उसे एक बहुत ही सफ़ाई से किए गए साइबर हमले का शिकार बनाया गया, जिसके बारे में कहा जाता है कि ये हमला चीन से हुआ.
इन हमलों के बारे में ये भी कहा जाता है कि इन हमलों का निशाना मानावाधिकार कार्याकर्ताओं के ईमेल अकांउट थे.
इसके बाद गूगल ने कहा कि वो चीन मे सर्च इंजन के परिणामों को सेंसर नही करगा, चाहे इसके लिए उसे चीन मे अपना काम बंद करना पड़े.
गूगल चीन के बाज़ार मे सैमसंग और मोटोरोला के साथ मिलकर दो नए मोबाईल फ़ोन उतारने वाला था.
कड़ी प्रतिक्रिया
गूगल के एक प्रवक्ता ने कहा "चाएना यूनिकॉम के साथ मिलकर मोबाइल हैंडसैट बाज़ार मे उतारने की योजना को स्थगित कर दिया गया है." चाएना यूनिकॉम चीन में नेटवर्क प्रोवाइडर है.
चीन मे काम कर रहे विदेशी पत्रकारों ने दावा किया है कि वे साइबर हमले करने वालों के निशाने पर हैं.
चीन के विदेशी पत्रकार कल्ब के अनुसार जीमेल पर उसके ईमेल अकाउंट पर आ रहे ईमेल एक अनजान पते पर भेजे जा रहे हैं.
मानवाधिकार संगठन 'रिपोर्टरस विदाउट बार्डरस' ने एक बयान मे कहा है कि वो इस तरह के साइबर हमलों से विचलित और दुख़ी है.
इस संगठन ने एक बयान मे कहा है कि विदेशी पत्रकारों के ईमेल पर हमले का मक़सद शायद इन पत्रकारों के बारे में जानकारी और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के साथ होने वाली बातचीत का पता लगाना था.
इस बयान में इन हमलों की निंदा की गई है और उद्योग व सूचना मंत्रालय से सफ़ाई मांगी गई है.
































