चीनी वैज्ञानिक ने जानकारी चुराने की बात मानी

इमेज स्रोत, AP
एक चीनी वैज्ञानिक ने स्वीकार किया है कि उन्होंने दो अमरीकी कंपनियों की गोपनीय व्यापारिक जानकारियां चीन और जर्मनी से साझा की हैं.
केशू हुआंग नाम के इस वैज्ञानिक पर आर्थिक जासूसी का आरोप लगाया गया है. उन पर आरोप है कि उन्होंने एक नए कीटनाशक और एक खाद्य उत्पाद की गोपनीय जानकारी चुराई है.
चीनी कंपनियों को गोपनीय जानकारियां मुहैया के आरोपों में ये सबसे ताज़ा मामला है.
केशू हुआंग चीन में पैदा हुए थे लेकिन वो अमरीका में एक 'स्थाई निवासी' की हैसियत रखते हैं.
उन्होंने 'डाउ कैमिकल' कंपनी की सहयोगी कंपनी 'डाउ एग्रोसाइंसज़' और 'कारगिल इंक' में काम करते समय उनकी गोपनीय जानकारी चुराने की बात स्वीकार की है.
उन्हें इस अपराध के लिए अधिकतम 25 साल की सज़ा सुनाई जा सकती है.
अमरीका के न्याय विभाग के सहायक अटॉर्नी जनरल लैनी ब्रूयर ने कहा, “केशू हुआंग ने अमरीका की दो बड़ी कृषि व्यवसाय से संबंधित कंपनियों की क़ीमती व्यापारिक जानकारी चुराकर अपने देश चीन में इस्तेमाल के लिए दी है. ”
‘ख़तरा बरक़रार’
अमरीका में अमरीकी कंपनियों की गोपनीय जानकारी चीन में उनके प्रतिद्वंद्वियों को दिए जाने पर चिंताएं बढ़ती जा रही हैं.
इसी वर्ष एक चीनी इंजीनियर को फ़ोर्ड मोटर्स की गोपनीय जानकारी चुराकर, कार बनाने वाली एक चीनी कंपनी में नौकरी पाने की कोशिश करने का दोषी पाया गया था.
पिछले साल एक चीनी जोड़े को जनरल मोटर्स की गाड़ियों की जानकारी चीन की चेरी ऑटोमोबाइल कंपनी को बेचने की कोशिश का आरोप लगाया गया था.
































