चीन करेगा प्रशांत महासागर में सैन्य अभ्यास

इमेज स्रोत, AFP
समुद्री सीमाओं को लेकर चल रहे विवाद के बीच चीन की नौसेना प्रशांत महासागर में सैन्य अभ्यास करने जा रही है.
चीन के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि ये सैनिक अभ्यास किसी देश के विरुद्ध नहीं है.
चीन का कई देशों के साथ समुद्री सीमाओं को लेकर विवाद रहा है और अमरीका ने हाल ही में इस क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के लिए कई घोषणाएं की हैं.
अमरीकी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि अमरीका को चीन की नौसेना के अभ्यास पर कोई आपत्ति नहीं है. पेंटागन के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि चीन जैसे चाहे वैसे अपने सेना को अभ्यास करवाने का हक़ रखता है.
चीन के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को अपनी वेबसाइट पर इस अभ्यास के बारे में बयान जारी किया है.
'किसी के विरुद्ध नहीं'
बयान में कहा गया है, “ये पूर्वनियोजित सालाना अभ्यास है. ये किसी देश एक देश या लक्ष्य के ख़िलाफ़ नहीं है. और ये अभ्यास अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों के अंतर्गत है.”
जापान के रक्षा अधिकारियों ने बताया है कि उन्होंने देश के दक्षिणी प्रांत ओकिनावा की अंतरराष्ट्रीय जल सीमा पांच युद्धपोतों को देखा है.
चीन का दक्षिणी चीन सागर के मुद्दे पर विएतनाम और फ़िलीपीन्स जैसे देशों के साथ गंभीर विवाद रहा है.
पिछले सप्ताह अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने उत्तरी ऑस्ट्रेलिया में अपनी नौसेना की गतिविधियां बढ़ाने का ऐलान किया था.
जानकारों का कहना है कि अमरीकी क़दम के मक़सद चीन की इस क्षेत्र में दबदबा बढ़ाने की कोशिशों को चुनौती देना है.
































