'तख्ता पलटने की अफ़वाह' फैलाने के आरोप में छह गिरफ़्तार

इमेज स्रोत, AP
चीन में पुलिस ने इंटरनेट पर अफ़वाह फैलाने के आरोप में छह लोगों को हिरासत में लिया है. अधिकारियों ने कहा कि इन लोगों ने ये अफ़वाह फैलाई थी कि बीजिंग की सड़कों पर सैन्य वाहन घूम रहे हैं.
इस ख़बर को दुनिया के कई मीडिया माध्यमों ने प्राथमिकता दी थी और चीन के आलोचकों ने तो यहां तक कहना शुरू कर दिया था कि वहां सरकार का तख्ता पलटने वाला है.
चीन के सरकारी इंटरनेट सूचना कार्यालय ने कहा है कि इन अफ़वाहों ‘लोगों पर बहुत ख़राब असर’ पड़ा है.
इंटरनेट सूचना कार्यालय ने बताया है कि इस ख़बर को छापने वाली 16 वेबसाइटों को बंद कर दिया गया है.
सूचना कार्यालय के एक प्रवक्ता ने चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ को बताया कि कई अन्य लोगों को चेतावनी भी दी गई है.
अधिकारी ने कहा है कि चीन की सबसे बड़ी माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाईट के कुछ कर्मचारियों को ‘समझाया’ गया है.
इंटरनेट पर चीन के बारे में अफ़वाहें ऐसे वक्त में आई थीं जब कई वर्षों बाद कम्यूनिस्ट पार्टी के एक वरिष्ठ और जाने-माने नेता बो शिलाई को उनके पद से हटा दिया गया था.
ऐसी संभावना जताई जा रही थी कि इस वर्ष के अंत तक बो शिलाई कम्यूनिस्ट पार्टी के पोलितब्यूरो की स्टैंडिंग कमेटी में जगह बनाने वाले थे. ये कमेटी कम्यूनिस्ट पार्टी का सबसे ताकतवर अंग है.
































