चीन की कई वेबसाइटों पर ‘हैकरों’ का हमला

हैकिंग

इमेज स्रोत, BBC World Service

इमेज कैप्शन, हैक किए गए कुल 486 वेबसाइटों की सूची पेस्टबिन वेबसाइट पर डाली गई

अनोनिमस हैकर ग्रुप नाम के हैकरों के एक दल ने चीन की करीब 500 वेबसाइटों को हैक करने का दावा किया है.

हमले में अधिकृत सरकारी वेबसाइटों समेत अन्य कई एजेंसियों और व्यापारिक समूहों के वेबसाइटों को भी नुकसान पहुंचाया गया.

वेबसाइटों पर हैकरों की तरफ से जारी किए गए एक संदेश में कहा गया कि ये हमला चीन की सरकार के अपने नागरिकों पर कड़ा नियंत्रण रखने के विरोध में किया गया.

संदेश में चीन के लोगों से अपील की गई कि वो भी अनोनिमस के साथ मिलकर सत्ता की खिलाफत में उतरें.

वेबसाइटों को नुकसान पहुंचाए जाने की जानकारी मार्च में बनाए गए ‘अनोनिमस चाइना’ ईमेल खाते से भेजी गई.

नुकसान पहुंचाए गए कुल 486 वेबसाइटों की सूची पेस्टबिन वेबसाइट पर डाली गई.

हैकर का संदेश

इन वेबसाइटों पर एक ही संदेश जारी किया गया जिसमें देश की नागरिकों पर दबाव डालने वाली नीतियों का विरोध किया गया था.

संदेश में लिखा गया, “प्रिय चीन की सरकार, आप हमेशा अपराजेय नहीं रह सकते, आज वेबसाइटों को हैक कर लिया गया, कल आपकी सत्ता गिर जाएगी.”

चीन दुनिया की सबसे वृहद इंटरनेट सुरक्षा प्रणालियों में से एक से लैस है, जिसका नाम ग्रेट फायरवॉल ऑफ चाइना रखा गया है.

यही इंटरनेट सुरक्षा प्रणाली इस बात का नियंत्रण करती है कि यूजर्स क्या पढ़ सकेंगे और क्या नहीं.

हैकिंग की इस घटना के बारे में चीन की तरफ से कोई अधिकृत बयान नहीं जारी किया गया. हालांकि समाचार एजेंसियों की खबरों के मुताबिक सरकारी अधिकारियों ने ये मानने से ही इनकार किया है कि ऐसा कोई वाकया हुआ भी है.

इस हमले में हैक किए गए ज्यादातर वेबसाइट ऑफलाइन है और बाकियों में हैकरों का संदेश दिख रहा है.

हैकर समूह ने कथित तौर पर उन कई वेबसाइटों पर दोबारा हमले किए जिन्हें सुधार लिया गया था.