कौन हैं चेन ग्वांगचेंग ?

चेन

इमेज स्रोत, AP

इमेज कैप्शन, माना जा रहा है कि चेन बीजिंग में किसी राजनयिक मिशन पर हैं.

छोटी उम्र में ही आंखों की रोशनी खो चुके मूल रूप से चीन के चेन ग्वांगचेंग मानवाधिकार कार्यकर्ता है और चीन की परिवार नियोजन नीतियों पर अहम खुलासे करने के लिए चर्चा में आए.

सरकारी नीतियों का विरोध करने की चेन को कीमत चुकानी पड़ी और साल 2006 से लेकर 2010 तक उन्हें जेल में रखा गया.

इसके बाद चेन को रिहा तो कर दिया गया लेकिन इसके बाद भी उन्हें और इनके परिवार को शांडोंग स्थित उनके आवास में एक तरह से नज़रबंद रखा गया.

चेन ग्वांगचेंग 27 अप्रैल को अपने घर से फरार हो गए जिसके बाद चीन की राजनातिक हलकों में इस मामले ने गर्मी पकड़ ली.

माना जा रहा है कि चेन बीजिंग में किसी राजनयिक मिशन पर हैं.

चीन के अधिकारियों ने चेन को डॉंगशिगु गांव में लोगों से अलग-थलग रहने पर मजबूर किया जिसके बाद मामले ने अंतरराष्ट्रीय रंग ले लिया.

चिंता

अमरीका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने भी इस मामले पर अपनी चिंता जताई थी.

चीन में दृष्टिहीन सरकार विरोधी मानवाधिकार कार्यकर्ता चेन ग्वांगचेंग के अधिकारियों को चकमा देकर घर से भाग जाने के बाद, चीन के अधिकारियों ने उनके कई रिश्तेदारों और सहयोगियों को गिरफ्तार करना शुरु कर दिया है.

पिछले हफ्टे नाटकीय ढंग से ग्वांगचेंग वर्ष 2010 से घर पर नजरबंद किए जाने के बावजूद अधिकारियों को चकमा देकर भाग निकले और माना जा रहा है कि कुछ सहयोगियों की मदद से वे अब बीजिंग में अमरीकी दूतावास में हैं.

उधर उनकी मदद करने वाले अनेक लोगों को या तो हिरासत में ले लिया गया है या फिर वे हाल में 'लापता' हो गए हैं. उनके एक सहयोगी हू जिया को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ हो रही है.

ग्वांगजेंग ने एक वीडियो संदेश के जरिए चीन के प्रधानमंत्री से अपील की थी कि वे उनके परिवार को बदले की कार्रवाई से बचाएँ.

अमरीकी और अन्य अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संस्थाओं ने लगातार ग्वांगचेंग के परिवार के सदस्यों के साथ किए जा रहे बर्ताव पर चिंता जताई है.