जैक्सन को जन्मदिन पर दफ़नाया जाएगा

पॉप गायक माइकल जैक्सन के परिवार ने इस बात की पुष्टि की है कि लॉस एजेंलेंस में 29 अगस्त को उन्हें दफ़नाया जाएगा.

अगर माइकल ज़िंदा होते तो 29 अगस्त को उनका 51वां जन्मदिन होता. उनकी 25 जून को मौत हो गई थी. उन्हें एक निजी समारोह में ग्लेनडेल के फ़ॉरेस्ट-लॉन मेमोरियल पार्क में दफ़न किया जाएगा जिसमें परिवार के लोग और दोस्त ही शामिल होंगे.

जैक्सन परिवार के प्रवक्ता ने कहा है कि परिवारजन इस मु्श्किल घड़ी में लोगों से मिले समर्थन के लिए उनका शुक्रिया अदा करना चाहते हैं.

माइकल जैक्सन के मौत के कारणों के बारे में अभी जानकारी नहीं दी गई है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को सील कर दिया गया है. ख़बरों के अनुसार जाँच परिणाम में ये बात सामने आई है कि 25 जून को जब माइकल जैक्सन का निधन हुआ था उस समय उन्होंने भारी मात्रा में दवाइयाँ ले रखी थीं.

उनकी याद में सात जुलाई को अमरीका में एक बड़ा कॉन्सर्ट हुआ था जिसमें उनके शव को स्टेज पर रखा गया था. कई जानी-मानी हस्तियों ने इस कार्यक्रम में माइकल को अपनी श्रद्धांजिल दी थी.

माइकल का जीवन

इस बात को लेकर लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही हैं कि आख़िर जैक्सन को कहाँ दफ़नाया जाएगा.

इस बीच निर्देशक स्पाइक ली ने जैक्सन की स्मृति में ब्लॉक पार्टी का आयोजन किया है. स्पाइक ली ने माइकल जैक्सन के साथ म्यूज़िक वीडियो दे डॉंट केयर अबाउट अस पर काम किया था.

माइकल जैक्सन वर्ष 1964 में अपने भाई के पॉप ग्रुप में शामिल हुए थे जिसका नाम था जैक्सन फ़ाइव.

धीरे-धीरे माइकल जैक्सन ने अपनी जगह बनाई और फिर वे आकर्षण का केंद्र बनते चले गए. वर्ष 1982 में माइकल जैक्सन के अलबम थ्रिलर ने नया इतिहास रचा और इसके बाद वे कामयाबी की बुंलदियाँ छूते चले गए.

लेकिन विवादों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा. एक 11 वर्षीय बच्चे के परिवार ने माइकल जैक्सन पर आरोप लगाया कि उन्होंने बच्चे का यौन शोषण किया है. माइकल जैक्सन ने इन आरोपों से इनकार किया.

बाद में अदालत के बाहर उन्होंने परिवार से समझौता किया. माना जाता है कि दो करोड़ अमरीकी डॉलर में यह समझौता हुआ.

वर्ष 2003 में उनपर 14 साल के बच्चे के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगा. लेकिन पाँच महीने तक चली अदालती कार्रवाई के बाद उन्हें निर्दोष करार दिया गया.