जैक्सन का अंतिम संस्कार टला

पॉप गायक माइकल जैक्सन के परिवार की ओर से आए बयान में कहा गया है कि उनका अंतिम संस्कार अब तीन सितंबर को किया जाएगा.
इससे पहले अंतिम संस्कार 29 अगस्त को माइकल के जन्मदिन पर करने की घोषणा की गई थी.
29 अगस्त को माइकल जैक्सन का 51वां जन्मदिन है.
जैक्सन परिवार के प्रवक्ता केन सनशाइन ने ये नहीं बताया कि तारीख़ आगे क्यों बढ़ाई गई है.
जैक्सन को ग्लेनडेल में फॉरेस्ट-लॉन मेमोरियल पार्क में दफ़नाया जाएगा. इसी पार्क के एक कब्रगाह में उनके परिवार ने एक स्मृति सभा भी आयोजित की थी.
अनसुलझी गुत्थी
माइकल की 25 जून को मौत हो गई थी लेकिन अब तक उनकी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है. उनकी मौत के बाद बनाई गई मेडिकल रिपोर्ट सील कर दी गई है.
जैक्सन के निधन के बाद सात जुलाई को लॉस एजेंलेस में उनकी याद में बहुत बड़ा आयोजन किया गया था जहाँ उनका ताबूत कार्यक्रम के दौरान स्टेज के सामने ही रखा गया था.
पहले कहा गया था कि माइकल जैक्सन का निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ लेकिन बाद में उनकी हत्या की आशंका जताई गई थी.
माइकल जैक्सन वर्ष 1964 में अपने भाई के पॉप ग्रुप के साथ संगीत परिदृश्य पर आए. ग्रुप का नाम था जैक्सन फ़ाइव.
धीरे-धीरे माइकल जैक्सन ने अपनी जगह बनाई और आकर्षण का केंद्र बनते चले गए. वर्ष 1982 में माइकल जैक्सन के एलबम थ्रिलर ने नया इतिहास रचा और इसके बाद वे कामयाबी की बुंलदियाँ छूते चले गए.
लेकिन उन्हें लेकर विवाद भी ख़ूब हुए. पहले एक बच्चे के साथ यौन शोषण का आरोप लगा. उन्होंने अदालत के बाहर बच्चे के परिवार के साथ समझौता किया.
वर्ष 2003 में उनपर 14 साल के बच्चे के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया गया. लेकिन पाँच महीने तक चली अदालती कार्रवाई के बाद उन्हें निर्दोष करार दे दिया गया था.
































