पिता की फ़िल्म में पुत्री का संगीत

कमल हासन की आने वाली तमिल फ़िल्म ‘उन्नाईपोल ओरुवन’ का संगीत उनकी बेटी श्रुति हासन दे रही हैं. ये कामयाब हिंदी फ़िल्म 'ए वैडनसडे' का रिमेक है.
‘उन्नाईपोल ओरुवन’ यानी ‘एक और तुम-सा’ श्रुति हासन की बतौर संगीत निर्देशक पहली फ़िल्म होगी. हाल ही में श्रुति ने अभिनत्री के तौर पर हिंदी फ़िल्म ‘लक’ से अपना करियर शुरु किया है.
कमल हासन बीबीसी को बताया ‘ श्रुति ने हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत सीखा है. उसके बाद उनकी रुचि जैज़ और रॉक में भी हुई. श्रुति को रॉक ज़्यादा पसंद है.’
इस वर्ष सिनेमा में पचास साल पूरा करने वाले कमल हासन वैसे अपनी बेटी को सलाह नहीं देते.
उन्होंने बीबीसी को बताया, "मैं जब श्रुति की उम्र का था तब मुझे किसी सलाह लेना पसंद नहीं था, इसलिए मैं भी उसे कोई सलाह नहीं दूंगा. लेकिन अगर वो कुछ पूछती हैं तो मैं उन्हें कुछ बता सकता हूं."
कलाकार का फ़र्ज़

आतंकवाद के मुद्दे पर बनी इस संवेदनशील फ़िल्म को हिंदी में नीरज पांडे ने बनाया था. नसीरुद्दीन शाह और अनुपम खेर इसके मुख्य कलाकार थे.
ये पूछे जाने पर कि 'ए वेडनसडे' जैसी फ़िल्में क्यों बननी चाहिए, कमल हासन कहते हैं कि एक कलाकार के तौर पर वो ये कह कर चुप नहीं रह सकते कि उनका काम कला की सेवा है और वे समाज की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं देंगे.
उन्होंने बीबीसी से कहा, "मैं ये नहीं कह सकता कि मैं सिर्फ़ अपने आंगन में ही नाचूंगा. मुझे लगता है हिटलर के समय में बहुत से यहूदी अभिनेताओं यही किया था और हिटलर के बारे में कुछ नहीं कहा था. हम ये नहीं कर सकते, हमें अपनी आवाज़ उठानी चाहिए."
कमल हासन इन दिनों कुछ पटकथाओं पर विचार कर रहे हैं. वो 'अमर है' नाम से एक स्क्रिप्ट का पंजीकरण भी करवाने जा रहे हैं.
इस फ़िल्म के बारे में वो ज़्यादा नहीं बताना चाहते और सिर्फ़ इतना कहते हैं कि ये फ़िल्म हिंदी में बनेगी.
कमल हासन मार्ग
हाल ही में तमिल फ़िल्म इंडस्ट्री ने राज्य के मुख्यमंत्री से चेन्नई के मशहूर ऐलडेम्स रोड का नाम बदल कर कमल हासन रोड करने की गुज़ारिश की है.
चेन्नई में कमल हासन का घर इसी सड़क के किनारे है.
कमल हासन इस बारे में पूछे जाने पर पहले तो वे हँसने लगे फिर कहा, "क्या कहूं? धन्यवाद कह सकता हूँ. शायद वो मुझसे बेहतर एक्टर खोज लें इस सड़क के नाम के लिए. मेरे लिए ये कुछ ज़्यादा ही है, इस बारे और में क्या कहूं?"
































