टूटे रिश्ते जोड़ रहे हैं शाहरुख़

लगता है शाहरुख़ ख़ान इन दिनों पुराने रिश्तों को जोड़ने के मूड मे हैं. कुछ अन्य सितारों के साथ अपने रिश्ते सुधारने के बाद अब उन्होंने खिलाड़ी कुमार की ओर भी दोस्ती का हाथ बढाया है.
तभी तो हाल ही में वो अपने पुराने प्रतिद्वंदी अक्षय कुमार के सेट पर उनसे मिलने जा पहुँचे.
दरअसल हुआ यूं कि अक्षय अपनी फ़िल्म ब्लू के लिए एक गाने की शूटिंग फ़िल्मसिटी में कर रहे थे. पास ही में किंग ख़ान की फ़िल्म माई नेम इज़ ख़ान का भी शूट चल रहा था.
फिर क्या था शाहरुख़ पहुंच गए अक्षय से मिलने. अक्षय को जब पता चला कि शाहरुख़ उनके सेट पर आए हैं तो वो फटाफट अपनी वैनिटी वैन से बाहर निकले और शाहरुख़ से मिले.
हमेशा से ऐसा माना जाता है कि शाहरुख़ ख़ान और अक्षय कुमार के बीच दोस्ती नहीं है लेकिन दोनों ने काफ़ी देर तक एक दूसरे के साथ बातचीत की.
***************************************************************
राखी का कोई जवाब नहीं

राखी सावंत का जवाब नहीं. सुर्ख़ियों में बने रहने के लिए राखी ने पिछले दिनों अपना स्वयंवर ही रचा डाला.
तब से सबके मन में यही विचार आ रहा था कि क्या राखी शादी करेंगी और वैसे लोगों के विचार में तो नहीं ही चल रहा था.
और यही हुआ राखी सब की उम्मीदों पर खरी उतरी और इलेश पारुजनवाला से शादी न करने की भूमिका बनानी शुरू कर दी है.
आपको तो याद ही होगा कि इलेश ने किस तरह कड़ी प्रतियोगिता का सामना करने के बाद राखी के जीवनसाथी बनने की होड़ जीती थी.
लेकिन राखी को ये बात बिल्कुल रास नहीं आ रही है कि उनका होने वाला दूल्हा रहन सहन और बोलचाल से अंग्रेज़ हो.
भई ईलेश, अब तक तो आपको समझ में आ ही गया होगा कि राखी सावंत आख़िर चीज़ क्या हैं.
***************************************************************
बस करो रितेश

पिछले सप्ताह अमिताभ बच्चन और रितेश देशमुख की फ़िल्म अलादीन का मुंबई में फ़र्स्ट लुक लांच किया गया.
इस मौक़े पर बिग बी तो नहीं पहुँच पाए लेकिन रितेश देशमुख, फ़िल्म की हिरोइन जैकलिन फर्नांडिस और निर्देशक सुजॉय घोष मौजूद थे.
अब रितेश देशमुख की पर्दे पर तो आपने कॉमेडी आपने देखी ही है. जनाब इस मौक़े पर भी कॉमेडी करने से बाज नहीं आए.
रितेश ने बताया कि कैसे उनके लिए छोटे-छोटे बच्चों की तरह स्कूल ड्रेस और बैग लेकर लंबे समय तक फ़िल्म की शूटिंग करनी पड़ी.
वैसे रितेश इस फ़िल्म को लेकर कितने उत्साहित हैं इस बात का पता तब चला जब उन्हें दो शब्द कहने के लिए कहा गया.
एक बार शुरू हुए तो इतना बोले कि सुनने वालों को भी लगने लगा कि अरे यार अब बस भी करो.
***************************************************************
आमिर-प्रीति साथ-साथ?

सुनने में अया है कि अभिनेता आमिर ख़ान अभिनेत्री प्रीति ज़िंटा के साथ फिर से काम करना चाहते हैं.
सूत्रों के मुताबिक़ मिस्टर परफ़ेक्शनिस्ट अपनी चर्चित फ़िल्म दिल चाहता है की अभिनेत्री प्रीति ज़िंटा के साथ अपनी अगली फ़िल्म में लेने का मन बना रहे हैं.
आमिर ख़ान चाहते है कि उनकी फिल्म ‘डेल्ही बेली’ जल्द ही प्रदर्शन के लिए तैयार हो जाए.
ये भी कहा जा रहा है कि आमिर ने अपनी अगली फ़िल्म की योजना बनाने के लिए बंगाली फ़िल्मकार सौमिक सेन को बुलाया है.
चलिए इस हिट जोड़ी को दोबारा पर्दे पर देखना वाकई दिलचस्प रहेगा..
***************************************************************
रहमान की छलांग

कहा जा रहा है कि ऑस्कर पुरस्कार विजेता मशहूर संगीतकार एआर रहमान इन दिनों हॉलीवुड की एक हास्य प्रधान फ़िल्म में संगीत देने की तैयारी में जुटे हैं.
रहमान फ़िल्म कपल्स रिट्रीट में संगीत देंगे. हमेशा कुछ अलग और नया करने वाले रहमान इस बार भी कुछ अलग करने में जुटे हुए हैं.
फ़िल्म कपल्स रिट्रीट का निर्देशन पीटर बिलिंग्से कर रहे हैं. फ़िल्म की कहानी चार दंपतियों की है, जो छुट्टी बिताने एक द्वीप पर जाते हैं.
आपको तो पता ही है कि रहमान को फ़िल्म स्लमडॉग मिलियनेयर के लिए दो ऑस्कर पुरस्कार मिले थे. आगामी हॉलीवुड फ़िल्म में उनका संगीत अमरीकी अंदाज़ में होगा.
***************************************************************
शर्टहीन सल्लू
दस का दम में सलमान ने उतारी शर्ट
सल्लू मियां कब क्या कर दें कोई भरोसा नहीं. ऐसा ही कुछ हुआ इस बार दस का दम के सेट पर.
दरअसल इस बार डेविड धवन की अगली फ़िल्म डू नॉट डिस्टर्ब की स्टारकास्ट रितेश देशमुख, गोविंदा और डेविड दस का दम के सेट पर बतौर मेहमान आए हुए थे.
अब बातों ही बातों में उन्होंने सलमान को जोश दिला दिया.
बस फिर क्या था सलमान ने आव देखा न ताव, तुरंत चिरपरिचित शैली में अपनी शर्ट उतार डाली.
हालांकि सलमान की इस हरकत का सेट पर मौजूद जनता जनार्दन ने भरपूर मज़ा उठाया.
































