अरशद वारसी नए अंदाज़ में

अरशद वारसी
इमेज कैप्शन, इश्किया में वारसी एक चोर की भूमिका में

फिल्म मुन्नाभाई एमबीबीएस में सर्किट की सफल भूमिका निभा चुके अरशद वारसी एक बार फिर एक चुनौतीपूर्ण भूमिका में दिखाई देने वाले हैं.उनकी आगामी फिल्म इश्कियाँ में उनका एक बिल्कुल अंलग अंदाज़ दर्शकों को देखने को मिलेगा.

अरशद ने अब तक ज़्यादातर जो रोल किए हैं वो कॉमेडी पर आधारित रहे हैं लेकिन ऐसा पहली बार है जब वो एक नकारात्मक भूमिका में नज़र आएंगे.इश्कियाँ में उनके साथ दो मंझे हुए कलाकार नसीरुद्दीन शाह और विद्या बालन भी दिखाई देंगे.

हाल ही में बीबीसी से बातचीत में अरशद ने बताया, मेरा किरदार काफ़ी क्रूर किस्म का है.वो एक चोर है और अलग अलग तरह की चोरियां करता है.वो भोपाल से आता है और उसका नाम है बब्बन.मेरा और नसीर का किरदार एक दूसरे के साथ मिलकर काम करते हैं.वो दिल्ली में एक गैंग के लिए काम करते हैं.

इश्कियाँ इस साल की कुछ बेहतरीन फिल्मों में गिनी जा रही है और इसकी कहानी उत्तर भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित है.फिल्म का निर्देशन किया है अभिषेक चौबे ने जो कि इस फिल्म से अपने निर्देशन की पारी की शुरुआत कर रहे हैं वहीं फिल्म में संगीत दिया है खुद विशाल भारद्वाज ने और गीत लिखे हैं गुलज़ार ने.

सह-कलाकार

वैसे विशाल की दूसरी फिल्मों की ही तरह इस फिल्म में भी कुछ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है जो लोगों का ध्यान अपनी तरफ़ खींच सकते हैं.इसके अलावा अरशद और विद्या के बीच फिल्माए गए कुछ अंतरंग दृश्यों की भी खूब चर्चा है.

फिल्म में अंतरंग दृश्यों के बारे में चर्चा करते हुए वो कहते हैं कि विद्या एक प्रोफेशनल हैं और हम दोनों ने पटकथा की मांग के हिसाब से ही शॉट दिया है.

अरशद कहते हैं, विद्या के साथ काम करना बड़ा अच्छा अनुभव रहा है.वैसे मेरा मानना है कि जब भी दो अच्छे कलाकार एक साथ मिलकर काम करते हैं तो उनकी वो कैमेस्ट्री पर्दे पर भी दिखाई देती है.”

नसीरुद्दीन शाह के साथ काम करने को लेकर भी वो काफ़ी उत्साहित हैं.उनका मानना है कि उन्होंने नसीर से काफी कुछ सीखा है. वो कहते हैं, नसीरुद्दीन शाह के साथ काम करना काफी अच्छा अनुभव रहा है. उनसे बहुत सीखने को मिलता है और अच्छी बात ये है कि काम काफ़ी तेज़ी से और अच्छा हो जाता है.

लीक से हटकर

अरशद वारसी
इमेज कैप्शन, अरशद वारसी मुन्नाभाई फ़िल्मों में सर्किट के रोल से काफ़ी मशहूर हुए

विशाल भारद्वाज की फिल्में लीक से हटकर होती हैं.इश्कियाँ भी ठीक उसी तरह से बिल्कुल अलग तरह की फिल्म है.

फिल्म में कुछ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल हुआ है जो किसी को अटपटे लग सकते हैं लेकिन जब अरशद से पूछा गया तो वो इससे नकरते हुए कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं है कि फिल्म में गालियों का इस्तेमाल है हां कुछ दृश्यों में ज़रुर देखने को मिल सकता है.

वैसे अरशद ने खुद भी एक कहानी लिखी है जो कि रिश्तों और रोमांस पर आधारित है.अरशद इसे एक रोमांटिक ड्रामा की श्रेणी में रखना पसंद करते हैं. उनका कहना है कि उन्होंने अभी इस फिल्म के लिए कलाकारों का चुनाव नहीं किया है लेकिन वो चाहते हैं कि बोमन ईरानी और दीया मिर्ज़ा के साथ- साथ संध्या मृदुल भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा रहें.