सलमान संजीदा इंसान हैं: ज़रीन

ज़रीन ख़ान
इमेज कैप्शन, ज़रीन ख़ान का परिवार फ़िल्मी दुनिया से नहीं है

सलमान ख़ान की बहुप्रतीक्षित फ़िल्म 'वीर' की नायिका ज़रीन ख़ान का मानना है कि सलमान बहुत ही संजीदा क़िस्म के इंसान हैं और लोगों को उनके बारे में काफ़ी ग़लतफ़हमियां हैं.

'वीर' इसी हफ्ते रीलिज़ हो रही है और इस फ़िल्म में सलमान ने ही उन्हें मुख्य भूमिका के लिए चुना है. 'वीर' से अपने फ़िल्मी कैरियर की शुरुआत करने वाली ज़रीन ख़ान सलमान ख़ान से काफ़ी प्रभावित हैं और उनकी जबरदस्त प्रशंसक भी हैं.

इस फिल्म में वो एक राजकुमारी का किरदार निभा रही हैं.

सलमान के बारे में उन्होंने कहा कि सलमान के बारे में मैने पहले से सुन रखा था कि उन्हें बहुत जल्दी ग़ुस्सा आ जाता है वगैरह वगैरह लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं था.

उन्होंने कहा, "शुरुआत में मुझे कई बार सीन करने में दिक़्क़त आती थी और मुझे कई बार करने पड़ते थे, इस बीच वो मुझे समझाते थे और धैर्य रखते थे. लोगों ने उनके बारे में काफ़ी अफवाहें फैला रखी हैं."

'वीर' की कहानी सलमान ने ख़ुद लिखी है और ये एक पीरियड यानी इतिहास पर आधारित फ़िल्म है.

सलमान के साथ अपनी पहली मुलाक़ात के बारे में वो कहती हैं, "मैं सलमान की बहुत बड़ी प्रशंसक हूं और मेरी उनसे मिलने की बड़ी इच्छा थी.मैं एक संघर्षशील मॉडल थी और मुझे सुभाष घई की फिल्म युवराज के सेट पर एक छोटे से रोल के लिए बुलाया गया था.वहीं पर मेरी सलमान से मुलाक़ात हुई."

उनका कहना है कि बाद में जब उन्हें जानकारी दी गई कि उनका चुनाव सलमान ने अपनी अगली फ़िल्म वीर के लिए किया है तो वे यक़ीन ही नहीं कर सकीं.

'कैटरीना से तुलना बेमानी' ज़रीन मुंबई की रहने वाली तो ज़रुर हैं लेकिन उनके परिवार का फ़िल्मों से कोई ताल्लुक नहीं है.

वो एक मध्यवर्गीय परिवार से आती हैं.

शूटिंग के अपने पहले दिन के बारे में बात करते हुए वो कहती हैं कि कोई ख़ास मुश्किल तो नहीं हुई थी.

वे कहती हैं, "मेरा पहला सीन मिथुन दा के साथ था और मुझे उसमें एक नृत्य करना था. मिथुन सर काफ़ी अच्छे इंसान हैं और हमने पहले ही काफ़ी रिर्हसल की थी और जब मुख्य शॉट देना था तो मुझे पता ही नहीं चला कि वो कब ओके हो गया."

शूटिंग को याद करते हुए वो कहती हैं, "वीर के सेट पर मेरे साथ काफ़ी हादसे हुए. जैसे कि मेरी विग काफ़ी लंबी थी और एक सीन में मुझे दौड़कर आकर कृष्ण भगवान की मूर्ति के सामने गिरना था, मैं तेज़ी से दौड़कर आई लेकिन बाद में पता चला कि मेरे विग में ही आग लग गई." ज़रीन ख़ान की शक्ल सलमान की गर्लफ्रैंड कैटरीना कैफ़ से काफ़ी मिलती जुलती है.

ये पूछे जाने पर कि वो इसे किस तरह देखती हैं, उनका कहना था, "देखिए कैटरीना कैफ़ एक बड़ी स्टार हैं और मुझसे उनकी तुलना बेमानी है. वो मुझसे काफ़ी सुंदर हैं. हम पहले मिल चुके हैं और मैने उनसे काफ़ी कुछ सीखा है."