कैटरीना को सम्मान

दिल्ली हुए एक कार्यक्रम में एसोचैम ने फ़िल्म अभिनेत्री कैटरीना कैफ़ को एक्सिलेंस इन परफ़ॉमिंग आर्ट के लिए सम्मानित किया है.
उन्हें बुधवार को दिल्ली में एसोचैम की अध्यक्ष स्वाति पिरामल ने ये अवार्ड दिया.
इस अवसर पर कैटरीना कैफ़ ने कहा कि उन्हें जीवन में जो भी मौक़े मिलते हैं वो उनका बेहतरीन इस्तेमाल करती हैं.
कैटरीना कैफ़ ने कहा कि महिलाओं के लिए परिवार बहुत अहमियत रखता है और उनके साथ भी कुछ ऐसा ही है. उन्होंने कहा, “मेरा परिवार बहुत बड़ा है. मैं उन्हें गौरवान्वित करने के साथ-साथ उनका पूरा ख़याल भी रखना चाहती हूँ. ”
कैटरीना ने कहा कि महिलाओं के लिए आत्मसम्मान बहुत ज़रुरी गुण है साथ ही सभी महिलाओं को ये समझना चाहिए कि उन में कुछ तो है जो ख़ास है.
लेकिन कैटरीना कैफ़ ने शिवसेना और शाहरुख़ ख़ान के बीच चल रही तकरार पर कुछ भी बोलने से मना कर दिया.
ये पूछे जाने पर कि क्या वो शाहरुख़ ख़ान का समर्थन करतीं हैं, कैटरिना ने कहा कि वो सिर्फ़ आज के समारोह के बारे में ही बात करेंगी.




























