सिर्फ़ अच्छी फिल्में करना चाहती हूँ: तब्बू

'चीनी कम', 'द नेमसेक', 'चांदनी बार', 'चाची 420' और 'माचिस' जैसी कई बेहतरीन फ़िल्में कर चुकी फ़िल्म अभिनेत्री तब्बू कहती हैं कि वो आगे भी बढ़िया फ़िल्में ही करना चाहती हैं.
तब्बू का कहना है,"मैं जानती हूँ कि दर्शकों को मुझसे बहुत उम्मीदें हैं पर मैं उसपर तो कोई नियंत्रण नहीं रख सकती. मैं सिर्फ़ अच्छा काम करने कि कोशिश कर सकती हूँ लेकिन फ़िल्म की सफलता और विफलता मेरे हाथ से बाहर है."
जहाँ तक फ़िल्मों को चुनने की बात है तो तब्बू बहुत ही गिनी-चुनी फ़िल्में करती हैं.
वो कहती हैं, "मुझे हमेशा अच्छी फ़िल्म, रोल और अच्छी स्क्रिप्ट का इंतज़ार रहता है और जब तक मुझे ये नहीं मिलता तो मैं फ़िल्म करना पसंद नही करती हूँ. तो मेरा मानना है कि जब भी कोई काम करूँ अच्छा ही करूं."
तब्बू विभिन्न प्रकार के रोल कर चुकी हैं. यह पूछे जाने पर कि किस तरह का रोल करना वो सबसे ज़्यादा पसंद करती हैं, उन्होंने कहा "मुझे अपना किरदार और फ़िल्म की कहानी अच्छी लगनी चाहिए और इस बात से कोई फ़र्क नहीं पड़ता की वो कॉमेडी है या कुछ और."
अपनी फ़िल्मों में तो तब्बू ने भारतीय और पश्चिमी, दोनों ही तरह की पोशाकें पहनी हैं लेकिन असल ज़िंदगी में उन्हें भारतीय पोशाक पहनना पसंद है. उन्होंने कहा "मुझे साड़ी और चूड़ीदार-कमीज़ जैसे पारंपरिक कपड़े बहुत आरामदेह लगते हैं."




























