'शादी के लिए दूल्हा पसंद' - कैटरीना

कैटरिना कैफ़
    • Author, दुर्गेश उपाध्याय
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, मुंबई

फिल्म अभिनेत्री कैटरीना कैफ़ का कहना है कि वो शादी उसी से करेंगी जिससे वो प्यार करती हैं और वो केवल एक ही इंसान है और सही समय पर वो उसके साथ शादी के बंधन में बंध जाएंगी.

कैटरीना ने ये बात उन अफ़वाहों की सफ़ाई में कही जिनमें उनके रोमांस के किस्से दूसरे साथी कलाकारों से सुनने को मिलते हैं.

कैटरीना ने कहा, “देखिए मैं शादी उसी इंसान से करुंगी जिससे मैं प्यार करती हूं और वो इंसान केवल एक ही है, जब सही समय आएगा तब मैं उससे शादी करुंगी. इसके अलावा जो भी मेरे बारे में लिखा या कहा जाता है वो बिल्कुल ग़लत है.”

हांलाकि उन्होंने खुलकर सलमान ख़ान का नाम तो नहीं लिया लेकिन उनका इशारा साफ़ था.

इससे पहले जब उनसे ये पूछा गया कि वो शादी कब करने वाली हैं तो उन्होंने खिलखिलाकर हंसते हुए कहा, “मैंने खुद ही कहा था कि दो साल के भीतर ही शादी कर लूंगी लेकिन आपको तो पता ही है कि इंसान सोचता कुछ और है और ऊपर वाले की मर्जी कुछ और होती है.”

कैटरीना ने ये बातें हीरों के एक ब्रांड के नए विवाह कलेक्शन के लांच के दौरान मीडिया से बातचीत में कहीं. ख़ास बात ये भी रही कि मंच पर उनकी एंट्री भी सलमान ख़ान के एक मशहूर गीत से हुई.

राजनीति

वैसे कैटरीना इन दिनों सफलता की सीढ़ियां तेज़ी से चढ़ रही हैं. ‘अजब प्रेम की ग़जब कहानी’ की बेहतरीन सफलता के बाद अब उनकी अगली फिल्म ‘राजनीति’ दर्शकों के सामने जल्द ही आने वाली है.

इस फ़िल्म में उन्होंने एक चुनौतीपूर्ण भूमिका निभाई है, तो क्या उन्हें इस फिल्म के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ी?

कैटरीना कहतीं हैं, “ऐसा बिल्कुल नहीं है कि ‘राजनीति’ एक गंभीर किस्म की फिल्म है तो मैंने इसमें ज्यादा मेहनत की है और दूसरी फिल्मों के लिए कम, आप मेरी पिछली फिल्मों को देख लें चाहे वो कॉमेडी वाली ‘सिंह इज किंग’ हो या फिर ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ या फिर गंभीर फिल्में जैसे कि ‘न्यूयॉर्क’ और ‘राजनीति’, सबमें मैं अपनी क्षमता के हिसाब से खूब मेहनत से काम किया है.”

कैटरीना ने अपने बीमार होने की ख़बरों को भी निराधार बताते हुए कहा कि अब वो पूरी तरह से फिट हैं और उन्होंने फ़राह ख़ान की फिल्म ‘तीस मार खां’ की शूटिंग का एक हिस्सा हाल ही में पूरा किया है.