जॉन का अनूठा अंदाज़

फ़िल्मों के प्रचार के लिए इन दिनों सैकड़ों तरह के तरीके़ अपनाए जा रहे हैं. अभिनेता जॉन अब्राहम ने भी अपनाया ऐसा ही एक अनूठा तरीक़ा अपनी आने वाली फ़िल्म ' झूठा ही सही' की पहली झलक दिखाने के लिए.
अब्बास टायरवाला निर्देशित इस फ़िल्म के 30 फुट की ऊंचाई के बिलबोर्ड पर लगे पोस्टर पर से जॉन ने खुद चढ़ कर उसपर से पर्दा उठाया.
इतनी ऊंचाई पर चढ़ने में डर नहीं लगा, ऐसा पूछे जाने पर जॉन ने कहा कि उन्हें ऊंचाई से कूदना पसंद है और उन्हें ऐसा करने में मज़ा आया.
जॉन ने ये भी कहा कि आगे भी अगर उन्हें किसी फ़िल्म के प्रचार के लिए इस तरह ऊंचाई पर से कूदना या चढ़ना पड़े तो वो ज़रूर करेंगे.
इस फ़िल्म में जॉन का लुक काफी अलग है. जॉन खुद मानते हैं कि ये लुक काफी पढ़ाकू क़िस्म की है और काफी कुछ हॉलीवुड फ़िल्म सुपरमैन के किरदार क्लार्क केंट जैसा है जिसे ब्रैंडन रूथ ने निभाया था.
इस फ़िल्म में जॉन का किरदार भी कुछ ऐसा ही है और जॉन कहते हैं कि अगर इस फ़िल्म के बाद लोग उन्हें ह्यूमन स्पाइडरमैन (इंसानी स्पाइडरमैन) के नाम से बुलाएं तो उन्हें अच्छा लगेगा.
फ़िल्म के नाम के बारे में बात करते हुए जॉन ने कहा कि हम सभी अपनी रोज़ मर्रा ज़िन्दगी में थोड़ा बहुत झूठ बोलते हैं और ये फ़िल्म हम सभी के जीवन पर आधारित है इसलिए फ़िल्म का शीर्षक बिलकुल सटीक है.




























