नई 'अग्निपथ' के कांचा चीना संजय दत्त

अमिताभ बच्चन की फ़िल्म ‘अग्निपथ’ के रीमेक में संजय दत्त एक अहम किरदार में नज़र आएंगे.
स्वर्गीय फ़िल्ममेकर यश जौहर की 1990 में आई फ़िल्म में मिथुन चक्रवर्ती, डैनी डैंगज़ोंगपा और नीलम कोठारी भी मुख्य भूमिकाओं में थे.
अब ‘अग्निपथ’ का रीमेक यश जौहर के बेटे करण जौहर बना रहे हैं. जहां अमिताभ बच्चन का किरदार, विजय दीनानाथ चौहान, हृतिक रोशन निभाएंगें, वहीं डैनी डैंगज़ोंगपा का रोल संजय दत्त करेंगे.
हाल ही में एक मंहगी गाड़ी खरीदने पहुंचे संजय दत्त ने पत्रकारों के द्वारा पूछे जाने पर इस बात की पुष्टि की.
संजय दत्त ने कहा, “हां, करण जौहर की ‘अग्निपथ’ में डैनी साहब का किरदार कांचा चीना, जो विलेन है, वो मैं कर रहा हूं.”
गाड़ी खरीदने संजय अपनी पत्नी मान्यता दत्त के साथ गए थे.
जुड़वां बच्चों को जन्म देने के कुछ हफ़्तों बाद ही फ़िट दिख रहीं मान्यता अपनी फ़िटनेस का श्रेय पति को देती हैं.
उन्होंने कहा, “डिलीवरी के बाद संजय ने ही मुझे वज़न घटाने के लिए उकसाया. वो कहते रहते थे कि मैं मोटी हो गई हूं जिसकी वजह से मुझे पोस्ट पार्टम डिप्रैशन भी हो गया था. इसलिए मैंने भी वज़न कम करने की ठान ली.”
मान्यता दत्त ने इक्कीस अक्तूबर को जुड़वां बच्चों-एक लड़का और एक लड़की-को जन्म दिया था.
































