शादी अभी नहीं- विद्या बालन

फ़िल्म द डर्टी पिक्चर की ज़बरदस्त कामयाबी के बाद विद्या बालन अपने करियर से बहुत ख़ुश हैं और फ़िलहाल उनका शादी करने का कोई इरादा नहीं है.
विद्या कहती हैं, "मेरा करियर अच्छा चल रहा है. मैं इस वक़्त बहुत ख़ुश हूं. शादी के बारे में फ़िलहाल नहीं सोच रही हूं. हालांकि मैं शादी ज़रूर करूंगी. इसे बहुत नहीं टालूंगी, लेकिन फ़िलहाल के लिए तो मैं शादी टाल रही हूं."
विद्या बालन जल्द ही फ़िल्म कहानी में दिखेंगी जिसके फ़र्स्ट लुक लॉन्च पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने ऐसा कहा.
ग़ौरतलब है कि मीडिया में विद्या बालन और यूटीवी मोशन पिक्चर के सिद्धार्थ रॉय कपूर की दोस्ती की ख़बरें आए दिन आती रहती हैं.
फ़िल्म द डर्टी पिक्चर की कामयाबी के बाद क्या विद्या बालन को करीना कपूर और कटरीना कैफ़ जैसी चोटी की अभिनेत्रियों से ज़्यादा मेहनताना मिलना चाहिए. ये पूछने पर विद्या कहती हैं, "मैं ये सब नहीं सोचतीं. मैंने हमेशा पैसों से ज़्यादा फ़िल्म की कहानी और अपने रोल को तवज्जो दी है. लेकिन हां, अगर पैसे भी अच्छे मिलते हैं तो भला इस बात से किसे इनकार है."
विद्या कहती हैं कि वो अपने आपको ख़ुशनसीब मानती हैं जो 'द डर्टी पिक्चर' जैसी हीरोइन प्रधान फ़िल्में उन्हें मिल रही हैं और कामयाब भी हो रही हैं.
साल 2011 की शुरुआत में विद्या की एक और हीरोइन प्रधान फ़िल्म 'नो वन किल्ड जेसिका' रिलीज़ हुई थी. इसे भी कामयाबी मिली थी.
फ़िल्म कहानी में विद्या एक गर्भवती महिला का किरदार निभा रही हैं. दिलचस्प बात तो ये रही कि फ़िल्म के प्रमोशन पर भी विद्या इसी लुक में पहुंची.
































