‘आइटम नम्बर सिर्फ अच्छे निर्देशक के लिए’

इमेज स्रोत, PR
एक वक़्त था जब राखी सावंत और संभावना सेठ जैसी अभिनेत्रियां आइटम क्वीन कहलाई जाती थी लेकिन फिर वक़्त बदला और आइटम नम्बर मेनस्ट्रीम की अभिनेत्रियाँ करने लगी. शिल्पा शेट्टी, मलाइका अरोड़ा खान यहाँ तक कि कटरीना कैफ तक सब ने आइटम नम्बर पर ठुमके लगा डाले और अब तो विद्या बालन भी एक आइटम नम्बर कर रही हैं.
जब बॉलीवुड की ज़्यादातर दिग्गज अभिनेत्रियां आइटम नम्बर करने से परहेज़ नहीं कर रही हैं तो फिर माही गिल क्यों पीछे रहे.
देव डी, गुलाल और साहिब बीवी और गैंगस्टर जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुकि माही चाहती हैं कि वो भी आइटम नम्बर करें लेकिन उनकी कुछ शर्ते हैं.
माही कहती हैं, ''मेरा आइटम नम्बर करना इस बात पर निर्भर करता है कि फिल्म कैसी है, कहानी क्या है, उसका निर्देशन कौन कर रहा है. मैं सिर्फ अच्छे निर्देशकों के साथ ही काम करना चाहती हूं. अगर एक अच्छी कहानी में किसी आइटम नम्बर की ज़रूरत हो तो मैं कर सकती हूं.''
माही गिल की छवि एक ऐसी अभिनेत्री की है जो फिल्मों में 'बोल्ड' दृश्य करने से हिचकिचाती नहीं हैं. अपनी इस 'बोल्ड' छवि के बारे में माही कहती हैं, ''मुझे नहीं लगता कि बात रिवील करने की है, बात है एक किरदार को निभाने की. रिवील करना कोई बहुत बड़ी बात नहीं है, अगर आप कोई ऐसा किरदार निभा रहे हैं और कहानी की अगर मांग है तो आपको रिवील करना पड़ता है लेकिन ऐसा आप तभी करते हैं जब आपको लगता है कि ये उस वक़्त कहानी की मांग है.’’
साथ ही माही ये भी कहती है, ‘’वैसे भी मैं घटिया निर्देशकों के साथ काम नहीं करती. मैं उन्ही निर्देशकों के साथ काम करती हूं जो सभ्य हैं, समझदार हैं और जिन्हें अपना काम अच्छी तरह से आता है.''
इस हफ्ते रिलीज़ हो रही फिल्म 'पान सिंह तोमर' में भी नज़र आएंगी माही गिल. इस फिल्म का निर्देशन किया है तिग्मांशु धुलिया ने और फिल्म में मुख्य भूमिका में हैं इरफ़ान खान.
फिल्म में माही पान सिंह तोमर की पत्नी की भूमिका में हैं. अपने किरदार पर रोशनी डालते हुए माहि कहती हैं, ''मैंने आज तक जिनते भी रोल किए हैं ये उन सभी से बिलकुल अलग है. इंदिरा, जो पान सिंह की पत्नी है, उसका लुक बहुत ही अलग है, उसका बात करने का अंदाज़ और उसके हाव भाव बिलकुल अलग हैं. मैंने आज तक किसी भी फिल्म में ऐसा कुछ नहीं किया जो मैंने इस फिल्म में किया है.''
फिल्म में पान सिंह तोमर की भूमिका निभा रहे अभिनेता इरफ़ान खान से भी बड़ी प्रभावित हैं माही. माही कहती हैं, ''इरफ़ान एक कमाल के अभिनेता होने के साथ साथ एक बहुत ही अच्छे इंसान भी हैं. उनकी अभिनय शैली बहुत ही सहज और स्वभाविक है.''
माही की फिल्म 'साहिब बीवी और गैंगस्टर' का जल्द ही सीक्वल बनने जा रहा है. इस फिल्म में इरफ़ान खान भी होंगे. माही इस बात से बहुत उत्साहित हैं. वो कहती हैं, ''मैं ये तो नहीं जानती कि इस फिल्म के सीक्वल में क्या होने वाला है क्योंकि फिल्म की कहानी अभी लिखी जा रही है. लेकिन मुझे यकीन है कि फिल्म में मेरी और इरफ़ान की कैमिस्ट्री बड़ी मजेदार होगी.''
































