यहीं तो मार खा गया न बॉलीवुड: इरफ़ान खान

इरफ़ान खान

इमेज स्रोत, bbc

इमेज कैप्शन, 'द अमेज़िंग स्पाइडरमैन' के अलावा 'लाइफ ऑफ़ पाई' में भी नज़र आएंगे इरफ़ान खान.

इस हफ्ते भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही हॉलीवुड फिल्म 'द अमेज़िंग स्पाइडरमैन' में डॉ रथ की भूमिका में हैं अभिनेता इरफ़ान खान.

इरफ़ान मानते हैं कि हॉलीवुड में बच्चों के लिए बनाई जाने वाली फिल्मों को भी इस तरह से बनाया जाता है कि उसका मज़ा हर उम्र के लोग ले सकें लेकिन भारत में ऐसा नहीं होता है.

इरफ़ान कहते हैं, ''द अमेज़िंग स्पाइडरमैन' एक बहुत ही अच्छी फिल्म है. जो भी अपने परिवार के साथ, अपने बच्चों के साथ ये फिल्म देखने जाएगा उसे ये फिल्म ज़रूर पसंद आएगी. हालांकि स्पाइडरमैन बच्चों की फिल्म है लेकिन यहीं तो हॉलीवुड बॉलीवुड से बाज़ी मार ले जाता है. जब भी हॉलीवुड में बच्चों के लिए कोई फिल्म बनती है तो इस बात का ध्यान ज़रूर रखा जाता है कि बच्चों के साथ उनके माता पिता को भी वो फिल्म पसंद आए. बॉलीवुड अभी तक ये नहीं कर पाया है. पर हॉलीवुड ने इस कला पर महारत हासिल कर ली है.''

फिल्म में अपने किरदार के बारे में बात करते हुए इरफ़ान ने ये साफ़ कर दिया कि 'द अमेज़िंग स्पाइडरमैन' में उनका किरदार बहुत लम्बा नहीं है.

इरफ़ान कहते हैं, ''मेरा रोल बहुत लम्बा नहीं है लेकिन हाँ जैसा कि हॉलीवुड की भाषा में कहा जाता है ये एक अहम् रोल है, जो कहानी को एक पड़ाव से दूसरे पड़ाव तक ले जाता है. मैं फिल्म में मौजूद हूं और ये मेरे लिए एक बढ़िया अनुभव रहा. मैं खुशकिस्मत हूं कि मुझे इस फिल्म में काम करने का मौका मिला. एक अभिनेता होने के नाते आप चाहते हैं कि आप एक भव्य फिल्म का हिस्सा हों.''

इरफ़ान फिल्म से जुड़े लोगों की तारीफ किए बिना भी नहीं रह पाए. वो कहते हैं, ''फिल्म के निर्देशक मार्क वेब के साथ काम करना बहुत अच्छा रहा. फिल्म में स्पाइडरमैन की भूमिका निभा रहे ऐंड्रू गारफील्ड कमाल के अभिनेता हैं. मुझे लगता है वो अब तक के सबसे अच्छे स्पाइडरमैन हैं. हॉलीवुड में गारफील्ड का भविष्य उज्जवल है.''

इरफ़ान ये भी कहते हैं कि भले ही 'द अमेज़िंग स्पाइडरमैन' एक एक्शन फिल्म है लेकिन फिर भी इस फिल्म की एक आत्मा है, जो ज़्यादातर एक्शन फिल्मों में नहीं होती.

पसंदीदा सुपर हीरो

इरफ़ान सुपर हीरो फिल्म में काम तो कर रहे हैं लेकिन क्या खुद वो किसी सुपर हीरो के फैन हैं?

इस सवाल का जवाब देते हुए इरफ़ान कहते हैं, ''बचपन में मैं कॉमिक पड़ता था. मुझे फैंटम बहुत पसंद था. हर इंसान की ख्वाहिश होती है कि वो एक सुपर हीरो बने और ये ख्वाहिश लम्बे समय तक साथ रहती है.''

'द अमेज़िंग स्पाइडरमैन' के साथ साथ इरफ़ान खान 'लाइफ ऑफ़ पाई' में भी नज़र आएंगे. वैसे इरफ़ान खान को हॉलीवुड का सबसे मशहूर खान कहा जाता है. क्या सोचते हैं इरफ़ान इस बारे में?

इरफ़ान कहते हैं, ''सबसे मशहूर होना, पॉप्युलर होना ये सब बाते आपके अहम् के लिए तो बहुत अच्छी होती हैं, आपको ये सब बाते सुन कर बहुत अच्छा लगता है. और हर कलाकार इस जाल में फस जाता है. कभी कभी मैं सोचता हूँ कि क्या ये किसी तरह की बीमारी है. लेकिन हां ये ज़रूर है कि ऐसी बातें सुन कर अच्छा तो लगता है. हर इंसान चाहता है कि उसे लोग प्यार करें. लेकिन जब हम खुद को प्यार करना बंद कर देते हैं तब हमें दूसरे लोगों की तारीफ की ज़रुरत पड़ती है.''

अपनी बात को पूरा करते हुए इरफ़ान कहते हैं अपनी तारीफ सुनने से ज़्यादा ख़ुशी उन्हें तब होगी जब लोग उनके बारे में बात न भी करें पर वो अपनी नीजी ज़िन्दगी में खुश हों.