प्रेस रिव्यू : खुद शाहजहां ने दिए थे ताजमहल के कागज़ात?

ताजमहल

इमेज स्रोत, LUDOVIC MARIN/AFP/Getty Images

खुद शाहजहां ने दिए थे ताजमहल के कागज़ात तो पेश करें- 'हिंदुस्तान टाइम्स' में छपी एक ख़बर के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने सुन्नी वक्फ बोर्ड से कहा है कि वो ताजमहल पर अपना हक साबित करने के लिए मुगल बादशाह की हस्ताक्षर वाले ताजमहल के दस्तावेज़ कोर्ट के सामने सबूत के रूप में प्रस्तुत करें.

इसके लिए कोर्ट ने बोर्ड को एक सप्ताह का वक्त दिया है. साल 2010 से चल रहे भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण की एक अपील के इस मामले में सुन्नी वक्फ बोर्ड का कहना है कि ताजमहल को सुन्नी वक्फ बोर्ड की संपत्ति घोषित किया जाए.

लेकिन भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण का कहना है कि ताजमहल को उसकी संपत्ति के रूप में पंजीकृत किया जाए. कोर्ट ने कहा कि कौन मनेगा कि ये वक्फ बोर्ड की संपत्ति है, इस तरह के मुद्दों के लिए कोर्ट का समय बर्बाद नहीं किया जाना चाहिए.

भाजपा

इमेज स्रोत, NARINDER NANU/AFP/Getty Images

'दैनिक भास्कर' में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार भाजपा देश की सबसे अमीर राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी है. साल 2016-17 में पार्टी को 1,034.27 करोड़ रुपये की आमदनी हुई है. वित्त पर्ष 2015-16 के मुकाबले ये 81.18 फ़ीसदी ज़्यादा है.

वहीं अख़बार ने एसोसिएशन ऑर डेमोक्रेटिक राइट्स के द्वारा जारी रिपोर्ट के हवाले से लिखा है कि कांग्रेस की कमाई 2016-17 में मात्र 225.36 करोड़ रुपये की है. हालांकि कमाई के मामले में फिर भी वो दूसरे स्थान पर है.

ये रिपोर्ट राजनीतिक दलों के इनकम टैक्स रिटर्न्स के आधार पर बनाई गई है. अख़बार कहता है कि भाजपा ने चुनाव और जनरल प्रोपोगैंडा के लिए 606.64 करोड़ रुपये खर्च किए हैं जबकि कांग्रेस ने इसके मुक़ाबले 149 करोड़ रुपये ख़र्च किए हैं.

सुप्रीम कोर्ट

इमेज स्रोत, SAJJAD HUSSAIN/AFP/Getty Images

अमर उजाला में छपी एक ख़बर के अऩुसार सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को सरकार को कड़ी फटकार लगाई है और कहा है कि कार्यपालिका हमें मूर्ख बना रही है.

कोर्ट का कहना था कि पर्यावरण की रक्षा के लिए बने कोषों का इस्तेमाल दूसरी जगह करना ग़लत है. पर्यावरण बचाने और लोगों की मदद के लिए रखे गए एक लाख करोड़ रुपये किसी दूसरे कार्य में लगाए जा रहे थे.

कोर्ट ने कहा कि हमने कार्यपालिका पर भरोसा किया लेकिन अधिकारी काम नहीं करते, कोर्ट कुछ कहती है तो उसे न्यायिक अधिकार क्षेत्र से बाहर जाना और एक्टिविज़म बताया जाता है.

पीड़ित महिला
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

'जनसत्ता' में छपी एक ख़बर के अनुसार उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के दोनों हाथ सिर्फ़ इसलिए तोड़ दिए क्योंकि उन्होंने लगतार तीन बेटियों को जन्म दिया.

पुलिस अधिकारी के हवाले से अख़बार लिखता है कि लखीमपुर खीरी की चपरतला गांव की एक महिला की शादी सिंधौली थानाक्षेत्र की बाबरा गांव क एक व्यक्ति से हुई थी.

बेटे की चाहत रखने वाले इस परिवार ने बेटा ना होने पर लड़की के साथ मारपीट की जिसके कारण उसके दोनों हाथ टूट गए. लड़की से मुलाकात करने आए उनके पिता ने जब ये हालत देखी तो उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया.

सॉफ्टबॉ़ल

इमेज स्रोत, Scott Barbour/ALLSPORT

इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

'दैनिक जागरण' में छपी एक ख़बर के अनुसार बस्तर के नक्सल हिंसा से प्रभावित बीजापुर के अति संवेदनशील व सुविधाहीन गांव गंगालुर की दो लड़कियां अरुणा पूनम और सुनीता हेमला फिलीपीन्स जा रही हैं. वो सॉफ्टबॉल चैंम्पियनशिप में हिस्सा लेगीं और भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी.

अख़बार कहता है कि अरुणा और सुनीता कभी जंगल में तेंदू पत्ता और महुआ बीना करती थीं. दोनों 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीजापुर दौरे के दौरान उनसे मुलाकात करने वाली हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)