You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
अब के बाद किसी चुनाव में बीजेपी का साथ नहीं: शिवसेना
शिवसेना ने कहा है कि वो अब भविष्य में बीजेपी के साथ को गठबंधन नहीं करेगी.
उद्धव ठाकरे की इस घोषणा के बाद भाजपा और शिवसेना के राजनीतिक अलगाव को लेकर अटकलें तेज़ हो गई हैं.
शिव सेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से मुंबई में एक प्रेसवार्ता में कहा कि गुरुवार को आए पालघर उपचुनाव नतीजे चार वर्ष पहले के नतीजों से अलग दिखाई दे रहे हैं.
उन्होंने कहा, "साठ फ़ीसदी अधिक लोगों ने पालघर में बीजेपी को नकारा है. हम भले ही हार गए हों लेकिन पालघर में हमारे कार्यकर्ताओं के योगदान का धन्यवाद करते हैं."
बता दें कि शिव सेना केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस की कैबिनेट में साझीदार है.
लेकिन उद्धव ठाकरे ने गुरुवार के प्रेस कॉन्फ़्रेंस में राज्य और केंद्र की सरकार से शिव सेना के अलग होने के बारे में कुछ नहीं कहा.
पालघर और भंडारा गोंदिया उपचुनाव
महाराष्ट्र में लोकसभा की दो सीटों और विधानसभा की एक सीट पर हुए उपचुनाव हुए थे. इसमें भंडारा गोंदिया की सीट पर बीजेपी की हार हुई है.
सांसद नाना पटोले के इस्तीफे के बाद भंडारा गोंदिया की सीट खाली हुई थी.
नाना पटोले ने किसानों के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की आलोचना के बाद अपनी सीट से इस्तीफ़ा दे दिया था.
हालांकि पालघर सीट बीजेपी के राजेंद्र गावित ने जीत ली है. इस सीट पर शिवसेना के श्रीनिवास वांगा क़रीबी फ़ासले से बीजेपी उम्मीदवार से पीछे रह गए.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहाँ क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)