You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
प्रेस रिव्यूः परीक्षा केंद्र पहुंचने में 4 मिनट की देरी, छात्र ने की खुदकुशी
यूपीएससी की परीक्षा में एक स्टूडेंट अपने सेंटर पर चार मिनट की देरी से पहुंचा, और इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली.
दैनिक जागरण में प्रकाशित खबर के अनुसार ओल्ड राजेंद्र नगर में रहकर यूपीएससी की परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र वरुण सुभाष चंद्रन ने परीक्षा न दे पाने से आहत होकर घर में पंखे से लटककर खुदकशी कर ली.
रविवार को हुई यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा में वे पहाड़गंज में पहले गलत सेंटर पर पहुंच गए थे.
वहां से अपने सेंटर पर पहुंचने में देर हो गई, जिससे उसे परीक्षा सेंटर में प्रवेश नहीं दिया गया. इसी बात से परेशान होकर उन्होंने आत्महत्या कर ली.
ना राशन कार्ड ना राशन, हो गई मौत
झारखंड में एक 58 वर्षीय महिला का राशन कार्ड न होने की वजह से भूख के कारण मौत हो गई.
इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित खबर के अनुसार यह घटना झारखंड के गिरिडीह जिले की है.
जब अधिकारियों की टीम उस महिला के घर पहुंची तो वहां उन्हें बिलकुल भी खाना नहीं मिला.
अब इस बात की जांचे के आदेश दिए गए हैं कि क्या उस महिला ने राशन कार्ड के आवेदन किया था या नहीं और उनके घर में राशन क्यों नहीं था.
फेसबुक ने फोन कंपनियों को भी बेचा डेटा
कैम्ब्रिज एनॉलिटिका डेटा लीक मामले के बाद फेसबुक एक और कन्ज्यूमर डेटा लीक विवाद में घिरती दिखाई दे रही है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक फेसबुक ने एप्पल, सैमसंग और माइक्रोसॉफ्ट समेत करीब 60 नामी कंपनियों के साथ अपने यूजर्स और उनके ताल्लुक रखने वाले लोगों की निजी जानकारी शेयर की है.
रिपोर्ट में बताया गया है कि फेसबुक ने स्मार्टफोन डिवाइस मेकर्स के साथ डेटा शेयरिंग पार्टनरशिप के तहत यह जानकारी शेयर की है.
बताया जा रहा है कि ये डील 2010 से पहले ही कर ली गई थी. फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग को डेटा लीक पर माफी मांगनी पड़ी थी.
चार बैंक को मिलाकर एक बड़ा बैंक
बैंकिंग सेक्टर की सेहत सुधारने के लिए सरकार जल्दी ही बड़ा कदम उठाने जा रही है. सरकार चार सरकारी बैंकों को मिलाकर एक बड़ा बैंक बनाने की तैयारी में है.
राजस्थान पत्रिका में प्रकाशित खबर के मुताबिक आईडीबीआई, ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ बड़ौदा को मिलाकर एक बड़ा बैंक बनाने का प्रस्ताव है.
अगर ऐसा हुआ तो स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बाद यह देश का दूसरा सबसे बड़ा बैंक होगा.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)