इमरान के शपथ ग्रहण में सरकार से पूछकर जाऊंगा: सुनील गावस्कर

सुनील गावस्कर

इमेज स्रोत, AFP/GETTY

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने दावा किया है कि उन्हें इमरान ख़ान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण मिला है. भारतीय समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक गावस्कर का कहना है कि अगर वो पाकिस्तान जाएंगे तो पहले सरकार से इस बारे में पूछेंगे.

पीटीआई ने लिखा है कि एक निजी समाचार चैनल से बातचीत में सुनील गावस्कर ने कहा कि उनके दोस्त इमरान ख़ान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) के एक सीनेटर की तरफ से उन्हें निमंत्रण आया है.

पाकिस्तान के स्थानीय मीडिया में तहरीक-ए-इंसाफ़ पार्टी के प्रवक्ता के हवाले से ख़बरें चल रही हैं कि सोमवार को पीटीआई प्रधानमंत्री के पद के लिए इमरान ख़ान के नाम की आधिकारिक घोषणा कर सकती है.

साथ ही कहा जा रहा है कि इमरान ख़ान की कैबिनेट में सिर्फ़ 15-20 लोगों को रखा जाएगा और वो 11 अगस्त को शपथ लेंगे.

इमरान ख़ान

इमेज स्रोत, Getty Images

रविवार को सुनील गावस्कर ने कहा, "मुझे इमरान ख़ान की पार्टी की तरफ से फ़ोन आया था. लेकिन अभी तक उनके शपथ ग्रहण समारोह की तारीख़ तय नहीं हुई है. जब तारीख़ तय हो जायेगी तो आधिकारिक निमंत्रण आयेगा."

गावस्कर ने दावा किया कि उन्होंने अभी इस समारोह में जाने का फ़ैसला नहीं किया है. उन्होंने कहा कि वो भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट मुक़ाबले की वजह से थोड़े व्यस्त हैं और उनका पाकिस्तान जाना मुश्किल है.

हालांकि अंत में सुनील गावस्कर ने कहा, "मैं जाने से पहले भारत सरकार से भी अनुमति और सलाह लेना चाहूँगा. उसके बाद ही मैं अंतिम फ़ैसला लूंगा. सरकार अनुमति देगी, तो मैं जा सकता हूँ."

सिद्धू का दावा और पीटीआई का बयान

इससे पहले भारतीय क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने भी इमरान ख़ान के शपथ ग्रहण समारोह में जाने की बात कही थी.

उन्होंने दावा किया था कि उन्हें इस समारोह का 'पर्सनल न्योता' मिला है. बीबीसी से बातचीत में सिद्धू ने इमरान ख़ान की जमकर तारीफ़ की थी.

नवजोत सिंह सिद्धू

इमेज स्रोत, PTI

वहीं कपिल देव भी ये कह चुके हैं कि अगर उन्हें पाकिस्तान से कोई आधिकारिक न्योता मिलता है तो वो पाकिस्तान ज़रूर जाएंगे.

हालांकि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ पार्टी के वरिष्ठ नेता फ़ैसल जावेद ने 2 अगस्त को प्रेस रिलीज़ जारी कर इस बात से साफ़ इनकार किया था कि उन्होंने इमरान ख़ान के शपथ ग्रहण समारोह में किसी विदेशी फ़िल्म स्टार या खिलाड़ियों को आमंत्रित किया है.

प्रेस रिलीज़ में फ़ैसल जावेद ने ये भी कहा था कि शपथ ग्रहण समारोह एकदम सादा होगा, क्योंकि उनकी पार्टी टैक्स के पैसे का दुरुपयोग नहीं करना चाहती.

ये भी पढ़ें-

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)