You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
पाकिस्तान ने हवाई क्षेत्र का एक कॉरिडोर किया बंद: पांच बड़ी ख़बरें
भारत के साथ व्यापारिक संबंध तोड़ने के बाद पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र के एक कॉरिडोर को बंद कर दिया है.
एयर इंडिया के एक अधिकारी ने बताया है कि पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र के एक कॉरिडोर को बंद कर दिया है जिसके बाद भारत से जाने वाली विदेशी उड़ानों को 12 मिनट का अतिरिक्त समय लगेगा.
अधिकारी ने कहा है कि हवाई क्षेत्र (एयरस्पेस) बंद करने से अब उड़ानों को दूसरे रूट से ले जाया जाएगा लेकिन इससे बहुत ज़्यादा फ़र्क़ नहीं पड़ेगा.
पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र से रोज़ाना एयर इंडिया की 50 उड़ानें जाती हैं जिनमें अमरीका, यूरोप और मध्य पूर्व की उड़ानें शामिल हैं.
इससे पहले बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तान ने 26 फ़रवरी को अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया था. पाकिस्तान ने इसे 16 जुलाई को पूरी तरह खोल दिया था.
और फ़्रेंड रिक्वेस्ट नहीं स्वीकार सकता
लोकसभा में मंगलवार को अनुच्छेद 370 पर भाषण देकर सुर्ख़ियां बटोरने वाले लद्दाख़ से बीजेपी सांसद जामयांग सेरिंग नामग्याल ने कहा है कि वह फ़ेसबुक पर अब और फ़्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं कर सकते हैं.
उन्होंने फ़ेसबुक पर स्टेटस लिखकर यह बात कही है. उन्होंने फ़ेसबुक पर लिखा है, "मैं और फ़्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं कर सकता हूं क्योंकि मेरे दोस्तों की पांच हज़ार की सीमा पार कर चुकी है. तो कृपया लाइक करिए और मेरे आधिकारिक पेज के साथ जुड़ जाइये जिसका लिंक यहां लगा है."
मंगलवार को दिए अपने ज़ोरदार भाषण में नामग्याल ने कहा था कि लद्दाख़ के लोग पिछले सात दशकों से केंद्र शासित प्रदेश के लिए लड़ रहे थे और आज अगर लद्दाख़ अविकसित है तो उसका ज़िम्मेदार अनुच्छेद 370 और कांग्रेस है.
देश को संबोधित कर सकते हैं पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अनुच्छेद 370 पर केंद्र सरकार के फ़ैसले पर देश को संबोधित कर सकते हैं. तमाम समाचार संस्थानों ने यह ख़बर दी है हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.
सरकार ने हाल ही में राष्ट्रपति के हस्ताक्षर वाले गज़ट नोटिफ़िकेशन के ज़रिए जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को ख़त्म कर दिया है.
साथ ही संसद के दोनों सदनों में जम्मू-कश्मीर राज्य को ख़त्म कर उसे दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांटने का क़ानून भी पास किया गया है.
प्रधानमंत्री ने देश के नाम अपना आख़िरी संबोधन 27 मार्च को दिया था जब उन्होंने अंतरिक्ष में एक लाइव सैटेलाइट को एसैट मिसाइल से मार गिराए जाने की क्षमता के सफल परीक्षण की सूचना दी थी.
सीबीआई ने उन्नाव रेप पीड़िता के आरोप पाए सही
सीबीआई ने दिल्ली की तीस हज़ारी कोर्ट में बुधवार को कहा कि उन्नाव रेप पीड़िता ने बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर जो आरोप लगाए थे वे सही थे.
जांच एजेंसी सीबीआई के अनुसार, सेंगर ने 4 जून 2017 को अपने साथी शशि सिंह के साथ साज़िश करके पीड़िता के साथ सामूहिक बलात्कार किया था.
साथ ही सीबीआई ने कहा कि पीड़िता ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को घटना के बारे में लिखा भी था लेकिन 12 जनवरी 2018 तक इस पर कुछ नहीं हुआ. इसके बाद पीड़िता की मां ने कोर्ट का रुख़ किया था.
कनाडा में संदिग्धों के मिले शव
कनाडा की पुलिस को मैनेटोबा में दो शव मिले हैं. पुलिस मान रही है कि ये शव दो फ़रार चल रहे किशोरों के हैं, जो तीन लोगों की हत्या में संदिग्ध हैं.
पुलिस तीन हफ़्तों से इनकी तलाश कर रही थी. पुलिस जांच कर शवों की पहचान करने की कोशिश कर रही है, साथ ही पता लगा रही है कि उनकी मौत कैसे हुई.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)