You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
शाहीन बाग़ प्रदर्शनकारियों का एक दल मिला दिल्ली के एलजी से
शाहीन बाग़ प्रदर्शनकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार शाम दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल से मुलाक़ात की. इसकी जानकारी उपराज्यपाल ने ख़ुद ट्वीट कर दी.
उन्होंने लिखा, ''शाहीन बाग़ के प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाक़ात हुई, जिसमें उनकी चिंताओं को संबंधित अधिकारियों के सामने रखने का आश्वासन दिया गया. इसके साथ ही रास्तों के बंद होने के कारण स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए उनसे अपने आंदोलन को वापस लेने की अपील की गई.''
मुलाक़ात के बाद प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वो स्कूली बसों को रास्ता देंगे लेकिन उनका प्रदर्शन फ़िलहाल जारी रहेगा.
ग़ौरतलब है कि नागरिकता संशोधन क़ानून (सीएए) के ख़िलाफ़ दिल्ली के शाहीन बाग़ में हज़ारों लोग पिछले 15 दिसंबर से 24 घंटे धरने पर बैठे हैं. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक सरकार सीएए को वापस नहीं ले लेती तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा.
उधर मंगलवार को ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक बार फिर कहा कि ये प्रदर्शन विपक्षी दलों के ज़रिए प्रायोजित है और विपक्ष चाहे जो कुछ कर ले सरकार ये क़ानून वापस नहीं लेगी.
अब सबकी निगाहें सुप्रीम कोर्ट पर टिकी हैं जो बुधवार को इस क़ानून को चुनौती देने वाली दर्जनों याचिकाओं पर अपना फ़ैसला सुनाएगी.
ऊबर ईट्स (Uber Eats) ने ज़ोमैटो को बेचा भारत का कारोबार
ऊबर ईट्स ने भारत में अपनी फ़ूड डिलीवरी सर्विस को अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी ज़ोमैटो को बेचने की घोषणा की है. हालांकि, इस सेक्टर में अपनी उपस्थिति बनाए रखने के लिए कंपनी 9.99 प्रतिशत शेयर अपने पास ही रखेगी.
अब अगर आप ऊबर ईट्स ऐप पर जाकर कोई फ़ूड ऑर्डर करेंगे तो यह ऑर्डर ज़ोमैटो को पहुंच जाएगा.
ज़ोमैटो भारत में 500 से ज़्यादा शहरों में सक्रिय है और कंपनी को पूरा यक़ीन है कि इससे ज़ोमैटो की स्थिति और बेहतर होगी. अभी ज़ोमैटो का मुख्य मुक़ाबला स्विगी से है.
ज़ोमैटो के फ़ाउंडर और सीईओ दीपिंदर गोयल ने ऊबर ईट्स के अधिग्रहण के बाद कहा, "हमें भारत में एक प्रमुख खाद्य वितरण व्यवसायी बनने पर गर्व है. यह अधिग्रहण हमारी स्थिति को और अधिक मज़बूत करता है."
नागरिकता संशोधन क़ानून के ख़िलाफ़ दिल्ली के शाहीन बाग़ में चल रहे महिलाओं ने बीजेपी की आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय को एक करोड़ रुपये का नोटिस भेजा है.
यह नोटिस शाहीन बाग़ की दो महिलाओं की तरफ़ से भेजा गया है. नोटिस में मालवीय से माफ़ी मांगने और एक करोड़ रुपये हर्जाना देने की मांग की गई है.
शाहीन बाग़ की मुस्लिम महिलाएं पिछले एक महीने से नागरिकता संशोधन क़ानून (सीएए) के ख़िलाफ़ धरना प्रदर्शन कर रही हैं. इन महिलाओं के ख़िलाफ़ पिछले दिनों अमित मालवीय ने एक वीडियो शेयर किया था जिसमें कहा जा रहा है कि महिलाएं पैसे लेकर धरना प्रदर्शन में शामिल हो रही हैं.
केजरीवाल के ख़िलाफ़ बीजेपी ने किसे दिया टिकट?
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ख़िलाफ़ भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है. पार्टी ने भारतीय जनता युवा मोर्चा दिल्ली के अध्यक्ष सुनील यादव को नई दिल्ली सीट से टिकट दिया है.
सुनील की वेबसाइट पर दावा किया गया है कि वह पेशे से तो वक़ील हैं लेकिन समाजिक कार्यों में भी रुचि रखते हैं. उन्होंने अपना राजनीतिक करियर युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष के तौर पर शुरू किया था.
तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को भी मिला टिकट
भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए देर रात दस उम्मीदवारों की सूची जारी की जिसमें एक नाम तेजिंदर पाल सिंह बग्गा का भी है. बग्गा को हरिनगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है.
तेजिंदर पाल सिंह बग्गा का मुक़ाबला आम आदमी पार्टी की राजकुमारी ढिल्लों से होगा. इस सीट पर कांग्रेस की तरफ़ सुरेंद्र सेठी मैदान में हैं.
तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने क़रीब सात घंटे पहले हरिनगर से अपनी उम्मीदवारी की पुष्टि करते हुए एक ट्वीट भी किया.
ऐसा माना जा रहा है कि बग्गा को बीजेपी-अकाली के बीच सीएए को लेकर पैदा हुए गतिरोध का फ़ायदा मिला है. अकाली दल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव न लड़ने का फ़ैसला किया है, ऐसे में बीजेपी इस बार अकेले ही चुनावी मैदान में है.
बीजेपी इससे पहले 57 लोगों के नाम की लिस्ट पहले ही जारी कर चुकी है.
एएनआई की ख़बर के मुताबिक़, बीजेपी ने अपनी पहली सूची 17 जनवरी को जारी की थी. पहली सूची के 57 में से 20 नए चेहरे हैं. जिनमें से चार महिलाएं हैं और 11 दलित समुदाय से आते हैं.
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाख़िल करने की आज अंतिम तारीख़ है. नामांकन पत्रों की जांच कल की जाएगी और शुक्रवार तक नाम वापस लिए जा सकते हैं.
दिल्ली में लगभग एक करोड़ 47 लाख मतदाता हैं. विधानसभा की 70 सीटों के लिए मतदान अगले महीने की आठ तारीख़ को होगा और मतगणना 11 फरवरी को होगी.