भारत ने ऑस्ट्रेलिया से चिंता जताई

भारत ने मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया में भारतीयों पर हो रहे हमलों के बारे में चिंता जताई. ऑस्ट्रेलिया की शिक्षा और रोजगार मंत्री लीसा पॉल ने मंगलवार को भारत के प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री व्यालार रवि ने मुलाक़ात की. मुलाक़ात के बाद पत्रकारों से बातचीत में व्यालार रवि ने कहा,''ऑस्ट्रलियाई अधिकारी मुझसे ये आश्वासन देने आईं थीं कि भारतीय छात्रों को ऑस्ट्रेलियाई सरकार पूरा संरक्षण हासिल है.'' उनका कहना था कि ऑस्ट्रेलिया में स्थिति नियंत्रण में है, कभीकभार इक्का दुक्का घटनाएँ हो जाती हैं. उन्होंने कहा कि भारतीय उच्चायोग छात्रों की सुरक्षा के लिए उठाए जा रहे कदमों की निगरानी के लिए आस्ट्रेलियाई सरकार के साथ बराबर संपर्क में है. व्यालार रवि ने कहा कि हमारे लिए महत्वपूर्ण बात यह है कि हालात में सुधार हो रहा है.
हेल्पलाइन का प्रस्ताव
ऑस्ट्रेलिया की शिक्षा मंत्री लीसा पॉल ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया भारतीय छात्रों की मदद के लिए एक हेल्पलाइन तैयार करने के लिए वचनबद्ध है ताकि वे अपनी शिकायतें कर सकें और मदद हासिल कर सकें. साथ ही उनका कहना था कि विदेशी छात्रों के लिए और सूचना केंद्र खोले जाएँगे. दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों पर हमले जारी हैं. ख़बरें हैं कि हैदराबाद के एक छात्र मीर काज़म अली ख़ान पर सोमवार को मेलबर्न में हमला हुआ. वो ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नालॉजी के छात्र हैं. जब वो मेलबर्न के एक बाहरी इलाक़े में थे, तब उन पर हमला किया गया. उनके चेहरे पर चोटें आईं हैं. उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों में ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों पर हमलों के कई मामले सामने आए हैं जिसे लेकर छात्र काफ़ी चिंतित है. छात्रों का कहना है कि ये नस्लवादी हमले हैं




























