स्वाइन फ़्लू के कारण गूगल का दफ़्तर बंद

- Author, उमर फ़ारूक़
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद
मशहूर इंटरनेट कंपनी गूगल ने भारत के हैदराबाद स्थित दफ़्तर को दो दिनों के लिए बंद कर दिया है. एक कर्मचारी में स्वाइन फ़्लू की पुष्टि होने के बाद एहतियातन ये क़दम उठाया गया है.
गूगल का कहना है कि उसने एहतियातन मंगलवार और बुधवार को दफ़्तर बंद किया है.
हैदराबाद स्थित हाईटेक क्षेत्र में सात लोगों में स्वाइन फ़्लू की पुष्टि से भय व्याप्त हो गया है.
इनमें से एक कर्मचारी गूगल का था, ऐसा कहा जा रहा है कि उसके संपर्क में आने के बाद अन्य लोगों में स्वाइन फ़्लू के लक्षण पाए गए.
दरअसल गूगल का एक कर्मचारी पाँच जुलाई को अमरीका से आया था, उस समय की गई जाँच में उसमें स्वाइन फ़्लू के लक्षण नहीं पाए गए.
कुछ दिनों बाद उसमें स्वाइन फ़्लू के लक्षण पाए गए और नौ जुलाई को उसमें स्वाइन फ़्लू की पुष्टि हुई.
वो शख्स एक अपार्टमेंट में छह-सात अन्य साथियों के साथ रहता था.
इसके बाद उसके साथ रहने वाले अन्य लोगों में भी स्वाइन फ़्लू के लक्षण पाए गए और तीन छह अन्य लोगों में इसकी पुष्टि हो गई.
ये अलग अलग तीन कंपनियों में काम करते थे और इसके बाद हाईटेक सिटी में भय व्याप्त हो गया.
ग़ौरतलब है कि यहाँ सूचना तकनीक की विभिन्न कंपनियों में लगभग दो लाख लोग काम करते हैं.
हैदराबाद के स्वाइन फ़्लू के नोडल कोर्डिनेटर के सुधाकर का कहना है कि ये बारिश का मौसम है और ये स्वाइन फ़्लू के लिए मददगार साबित हो सकता है.
हैदराबाद में स्वाइन फ़्लू का पहला मामला 16 मई को सामने आया था और अब तक 34 लोग इससे प्रभावित हुए हैं.
इनमें से 20 लोगों को इलाज के बाद छु्ट्टी दी जा चुकी है और बाकी का इलाज चल रहा है.
उल्लेखनीय है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने स्वाइन फ़्लू को महामारी घोषित कर दिया है.
































