वरुण के ख़िलाफ़ आरोप पत्र पेश

उत्तर प्रदेश पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी के सांसद वरुण गांधी के ख़िलाफ़ आरोप पत्र पेश कर दिया है.
उन पर लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान पीलीभीत ज़िले में भड़काऊ भाषण देने का मामला चल रहा है. उन्होंने कथित तौर पर मुसलमानों के ख़िलाफ़ अभद्र टिप्पणी की थी.
पुलिस ने पीलीभीत के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष 175 पन्नों का आरोप पत्र पेश किया. इस मामले में पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज कर लिए हैं.
अदालत ने मामले की सुनवाई के लिए 17 अगस्त की तारीख़ तय की है.
इससे पहले उत्तर प्रदेश प्रशासन ने सांसद वरुण गांधी पर मुक़दमा चलाने की अनुमति दे दी थी.
इसी साल मार्च में लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान पीलीभीत ज़िले में वरुण के भाषण के वीडियो को चुनाव आयोग ने गंभीरता से लिया था जिसमें ये दिखाया गया था कि वह मुसलमानों के ख़िलाफ़ अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं. आयोग ने इस आधार पर उनके ख़िलाफ़ मामला दर्ज कराया था. वरुण गांधी की दलील थी कि वीडियो सीडी के साथ छेड़छाड़ की गई है लेकिन चुनाव आयोग और पुलिस ने उनके दावे को ग़लत बताया. ख़बरों के मुताबिक फ़ॉरेंसिक टेस्ट से भी इस बात की पुष्टि हुई है कि सीडी में वरुण की आवाज़ ही रिकॉर्ड है. पीलीभीत पुलिस ने कहा था कि उसके पास वरुण गांधी के ख़िलाफ़ पर्याप्त सबूत है.




























