पुलिस जवान ने अफ़सरों को मारा

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाक़े बस्तर में पुलिस के एक जवान ने अपने दो अधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी है और एक अधिकारी को घायल कर दिया है.
इसके बाद उसने पेड़ पर चढ़कर ख़ुद को फाँसी लगा ली है.
वरिष्ठ अधिकारियों का अनुमान है कि तनाव की वजह से जवान ने यह क़दम उठाया होगा.
घटना बस्तर के कोंडागाँव में शनिवार सुबह सवा छह बजे हुई है.
स्थानीय पत्रकार एस करीमुद्दीन के अनुसार 31 वर्षीय पुलिस जवान मनमीत मिंज ने अपने स्वचालित रायफ़ल से गोलियाँ दागनी शुरु कीं जिससे प्लाटून कमांडर 54 वर्षीय टीकाराम लार्या और 55 वर्षीय प्रधान आरक्षक मेहताब सिंह की मौत हो गई.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक और प्रधान आरक्षक संजय सिंह घायल हुए हैं जिन्हें कोंडागाँव के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
गोली चलाने के बाद जब जवान को पकड़ने की कोशिश की गई तो वह घटनास्थल से भाग गया और नज़दीक के एक तालाब के किनारे स्थित एक पेड़ पर फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
वहाँ के पुलिस अधीक्षक सुंदर राज पी ने कहा है कि ऐसा लगता है कि जवान मानसिक रुप से परेशान रहा होगा.
पत्रकार करीमुद्दीन का कहना है कि बस्तर के अंदरूनी इलाक़े में पुलिस के लिए काम की परिस्थितियाँ बहुत कठिन हैं. वहाँ न उन्हें भोजन ठीक तरह से मिलता है और न दवा आदि.
उनका कहना है कि वहाँ पुलिसकर्मियों को अवकाश भी आसानी से नहीं मिलता.
































