भाजपा नेता की हत्या के बाद हिंसा

उत्तराखंड के नैनीताल ज़िले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता की हत्या के बाद हिंसा फैल गई है.
घटना कालाढुंगी की है जहां शनिवार को पुलिस थाने के भीतर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेता नीरज तिवारी ने कथित तौर पर भाजपा के प्रखंड प्रमुख बलवंत सिंह कान्याल को गोली मार दी.
अस्पताल ले जाते समय ही बलवंत सिंह ने दम तोड़ दिया.
इसके बाद पुलिस थाने के भीतर हुई हत्या से गुस्साए लोगों ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया. उग्र भीड़ ने थाने में आग लगा दी और पुलिसकर्मियों की पिटाई की.
इस घटना में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई है और कुछ अन्य घायल हो गए.
पुलिस ने नीरज तिवारी को गिरफ़्तार कर लिया है. हिंसा को देखते हुए वहां भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं.
इस बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ने कान्याल की हत्या के समय थाने में मौजूद सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का आदेश दिया है.
राज्य के प्रधान गृह सचिव सुभाष कुमार के मुताबिक मुख्यमंत्री ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आस-पास के सभी पुलिस थानों को सतर्क रहने को कहा है.
































