उपचुनाव में भाजपा को मिली जीत
गुजरात विधानसभा की सात सीटों के लिए हुए उपचुनाव में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पाँच सीटों पर जीत हासिल की है.

कांग्रेस के खाते में सिर्फ़ दो सीटें ही आई हैं. इन सातों सीटों पर 10 सितंबर को मतदान हुआ था. इन सात सीटों में से छह पर कांग्रेस और एक पर भाजपा का क़ब्ज़ा था.
यानी इस उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को चार सीटों का फ़ायदा हुआ है. लोकसभा चुनाव में भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी, लेकिन उप चुनाव में पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया है.
भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात उप चुनाव में जीत पर ख़ुशी ज़ाहिर की है और इसे बड़ी सफलता कहा है.
जीत
गुजरात के अलावा भाजपा ने मध्य प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव में एक सीट पर और उत्तराखंड में एक सीट पर जीत हासिल की है.
उत्तराखंड में जीत के साथ ही भारतीय जनता पार्टी को विधानसभा में बहुमत हासिल हो गया है. अब पार्टी के खाते में 70 में से 36 सीटें हैं.
भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने भाजपा के प्रदर्शन पर ख़ुशी जताई है और कहा है कि ये जीत की नई शुरुआत है.
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा है कि पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस गुजरात में ही नहीं बल्कि मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में भी कमज़ोर हुई है.
गुजरात के साथ-साथ मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में भी भाजपा की सरकार है.
































