येदियुरप्पा की पीड़ा आँखों से छलकी

कर्नाटक में अपनी पार्टी के विधायकों की बग़ावत का सामना कर रहे मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा अपने क़रीबी लोगों के हटाए जाने से इतने दुखी हैं कि एक टीवी इंटरव्यू के दौरान वे रो पड़ें.
कर्नाटक में रेड्डी बंधुओं जनार्दन रेड्डी और करुणाकर रेड्डी की अगुआई में भाजपा के कई विधायक मुख्यमंत्री येदियुरप्पा के ख़िलाफ़ मोर्चा खोले हुए हैं.
समझौते की कोशिश में येदियुरप्पा के दो सहयोगियों पर गाज गिरी है.
रेड्डी बंधुओं के दवाब में येदियुरप्पा ने अपने प्रधान सचिव पीवी बलिगर का तबादला कर दिया है जबकि अपनी क़रीबी ग्रामीण विकास मंत्री शोभा करंदलाजे को भी हटाने के लिए तैयार हो गए हैं.
कन्नड टीवी चैनल सुवर्ण के साथ एक इंटरव्यू में मुख्यमंत्री येदियुरप्पा की व्यथा सामने आई और वे रो पड़ें.
माफ़ी
उन्होंने कहा कि रेड्डी बंधुओं के दवाब में उन्हें अपने विश्वस्त लोगों पर कार्रवाई करनी पड़ रही है. इंटरव्यू के दौरान उन्होंने राज्य के बाढ़ पीड़ितों से भी माफ़ी मांगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी में असंतोष के कारण बाढ़ पीड़ितों के राहत और पुनर्वास कार्यों से उनका ध्यान बँटा है, जिसके लिए वे माफ़ी मांगते हैं.
उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ित कई तरह की समस्याओं का सामना कर रहे हैं. हमें राजनीतिक संकट में अपना समय नहीं गँवाना चाहिए था.
मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने कहा कि उन्होंने जिन लोगों पर भरोसा किया, उन्होंने उनका समर्थन नहीं किया.
भारतीय जनता पार्टी हाई कमान कर्नाटक में पार्टी संकट को सुलझाने में लगा है. कई फ़ॉर्मूले पर विचार-विमर्श चल रहा है लेकिन अभी तक संकट पूरी तरह टला नहीं है.
































