दो जजों को कमरे में बंद किया

भ्रष्टाचार का आरोप झेल रहे कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पीडी दिनाकरन के विरोध में वकीलों ने सोमवार को जम कर हंगामा किया.
बंगलौर अधिवक्ता संघ के वकील मुख्य न्यायाधीश के पद से दिनाकरन को हटाने की माँग कर रहे हैं.
सोमवार को जब न्यायमूर्ति दिनाकरन किसी मामले की सुनवाई कर रहे थे, तभी विरोध कर रहे वकील वहां पहुँच गए और उनके ख़िलाफ़ नारेबाज़ी शुरू कर दी.
मुख्य न्यायाधीश को कोर्टरुम से बाहर जाना पड़ा. बाद में भारी पुलिस सुरक्षा के बीच उन्होंने दोबारा कामकाज संभाला.
न्यायाधीश दिनाकरन ने वकीलों के सामने अपना पक्ष रखना चाहा लेकिन वकीलों ने उनकी एक न सुनी और उनके साथ बैठे अन्य जजों को साथ धक्का मुक्की भी की.
वकीलों ने कोर्ट में कार्यवाही रोकने की कोशिश की. जब न्यायाधीश वी गोपाल गौड़ा और बीवी नागरत्ना ने ऐसा करने से इनकार कर दिया तब उन्हें एक हॉल में बंद कर दिया गया और बिजली काट दी गई.
इसी बीच पूरी घटना की रिकॉर्डिंग करने की कोशिश कर रहे पत्रकारों पर भी वकीलों का गुस्सा फूटा और एक निजी चैनल का कैमरामैन घायल हो गया.
इस चैनल ने बाद में इस घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई.
पूरी घटना पर जस्टिस नागरत्ना की प्रतिक्रिया थी, "हमारा सिर शर्म से झुक गया. ये दुखद है कि वकीलों ने हमारे साथ ऐसा किया. हम इस तरह झुकेंगे नहीं. वकील कौन होते हैं ये बताने वाले कि सुनवाई कब करें या न करें."
हालाँकि मुख्य न्यायाधीश दिनाकरन ने घटना पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया और सिर्फ़ इतना कहा,'हमने आज 17 मामले निपटाए.'
































