मधुर भंडारकर पर चलेगा मुक़दमा

मुंबई की एक अदालत ने निर्माता निर्देशक मधुर भंडारकर पर बलात्कार के आरोपों की सुनवाई शुरू करने का फ़ैसला किया है.
हालाँकि अंधेरी मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट ने कहा है कि फिलहाल उन्हें गिरफ़्तार करने की ज़रूरत नहीं है.
लगभग पाँच साल पुराने इस मामले में पुलिस ने कहा था कि भंडारकर के खिलाफ सबूतों का अभाव है.
लेकिन मजिस्ट्रेट ने पुलिस की रिपोर्ट खारिज कर कहा कि वह मामले की जांच कराएगी.
मॉडल प्रीति जैन ने जुलाई 2004 में मुंबई के वर्सोवा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा था कि मधुर ने फ़िल्मों में काम देने का वादा करके 1999 से 2004 के बीच उनके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए.
प्रीति के मुताबिक भंडारकर ने उनसे शादी करने का भी झांसा दिया था.
प्रीति जैन ने बुधवार को कोर्ट के बाहर संवादददाताओं से कहा कि मजिस्ट्रेट के फ़ैसले से साबित होता है कि उन्होंने जो मामला दर्ज कराया है वह सही है.
प्रीति के वकील सुशान कुंजुरमण ने कहा कि प्रीति के एफआईआर को सही पाया गया है, लिहाजा इस मामले की सुनवाई शुरू की जाएगी.
































