झारखंड में पुलिस गाड़ी को उड़ाया, 3 मरे

- Author, सलमान रावी
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, राँची
झारखंड पुलिस का कहना है कि वहां के गुमला ज़िले में माओवादियों ने एक बारूदी सुरंग विरोधक वाहन को उड़ा दिया है जिसमें कम से कम तीन जवान मारे गए हैं और सात घायल हो गए हैं.
घायलों को रांची के अपोलो अस्पताल में लाया गया है.
छोटा नागपुर के पुलिस महानिरीक्षक रेज़ी डुंगडुंग ने बीबीसी को बताया कि गुमला के बिशनपुर इलाके में बारूदी सुरंग बिछाकर माओवादियों ने इस वाहन को उड़ाया है.
एक दिन पहले इसी इलाके से एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उडा़ने की ख़बर आई थी जिसकी जांच के लिए सीआरपीएफ़ का एक दल बारूदी सुरंग विरोधक वाहन लेकर वहां जा रहा था.
पुलिस का कहना है कि धमाका इतना ज़बरदस्त था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए.
स्थानीय पुलिस अधीक्षक और सीआरपीएफ़ के कमांडेंट घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं.
ये पूरा इलाका माओवादियों का गढ़ माना जाता है और पुलिस का कहना है कि इस इलाके में बारूदी सुरंग उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती हैं.
उनका मानना है कि माओवादियों ने इस इलाके में बारूदी सुरंगों का जाल बिछा रखा है और उनकी मंशा झारखंड में होनेवाले चुनावों को बाधित करना है.
झारखंड में चुनाव 25 नवंबर से 18 दिसंबर तक होने हैं. मतदान पांच चरणों में होगा.
































