आईआईएम की परीक्षा में सर्वर ख़राब

भारत के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थानों (आईआईएम) में प्रवेश के लिए हो रही ऑनलाइन परीक्षा सर्वर में तकनीकी गड़बड़ी के कारण कई केंद्रों पर स्थगित करनी पड़ी.
इस साल कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) के संयोजक सतीश देवधर ने कहा कि दुनिया में पहली बार दस दिनों तक लगभग ढाई लाख छात्र ऑनलाइन परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, इसलिए थोड़ी बहुत गड़बड़ी स्वाभाविक है.
9 शहरों के 11 केंद्रों पर परीक्षा रद्द की गई है. इन्हें फिर से परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया जाएगा.
ऑनलाइन की परीक्षा 28 नवंबर से सात दिसंबर तक 32 शहरों में एक मुख्य सर्वर से जुड़े 105 परीक्षा केंद्रों पर हो रही है लेकिन शनिवार को पहले दिन सर्वर में तकनीकी खराबी के कारण कई केंद्रों में बाधा आई.
कैट के माध्यम से ही प्रतिष्ठित भारतीय प्रबंधन संस्थानों (आईआईएम) सहित अन्य प्रबंधन संस्थानों में प्रवेश मिलता है. पिछले वर्ष कैट में करीब दो लाख 76 हज़ार छात्र शामिल हुए थे.




























