प्रमुख अलगाववादी नेता को गोली मारी

- Author, अल्ताफ़ हुसैन
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर
भारत प्रशासित कश्मीर के एक प्रमुख अलगाववादी नेता फ़जल उल हक़ क़ुरैशी को शुक्रवार को कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी.
उनके सर में गंभीर चोटें आईं हैं और उनकी स्थिति चिंताजनक है.
उन्हें श्रीनगर के शेरे कश्मीर मेडिकल साइंस संस्थान में भर्ती किया गया है.
हालांकि किसी धड़े ने इसकी ज़िम्मेदारी नहीं ली है लेकिन पुलिस को इसके पीछे चरमपंथियों का हाथ होने का संदेह है.
क़ुरैशी ऑल पार्टी हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के उदारवादी धड़े के नेता हैं जिसका नेतृत्व मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़ करते हैं.
मीरवाइज़ धड़े ने कश्मीर मुद्दे को सुलझाने के लिए भारत सरकार के परदे के पीछे बातचीत के प्रस्ताव का स्वागत किया था.
जबकि कट्टरपंथी धड़ा और चरमपंथी भारत सरकार के साथ बातचीत का विरोध कर रहे हैं और वो इस 'बिक जाना' कह रहे हैं.
उनका कहना है कि इस मुद्दे को सुलझाने के लिए भारत, पाकिस्तान और कश्मीरी नेताओं की त्रिपक्षीय बातचीत होनी चाहिए और तभी ये विवाद सुलझाया जा सकता है.
माना जा रहा है कि इस घटना से शांति प्रकिया को धक्का लग सकता है.
































