ट्रेन हादसे में तीन मरे, 14 घायल

उत्तर प्रदेश के फ़िरोज़ाबाद में टुंडला के नज़दीक शनिवार की सुबह दिल्ली जा कानपुर जा रही श्रम शक्ति एक्सप्रेस को कालिंदी एक्सप्रेस ने पीछे से टक्कर मार दी. इस हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हो गए.
पुलिस और रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन हादसा सुबह लगभग सवा आठ बजे हुआ. हादसे में श्रमशक्ति एक्सप्रेस के दो डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
स्थानीय पत्रकार विवेक जैन ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है, लेकिन रेलवे अधिकारी प्रारंभिक तौर पर घने कोहरे और सिगनल की ख़राबी को हादसे की वजह मान रहे हैं.
उन्होंने बताया कि हादसे में मरने वालों में एक बच्चा और दो महिलाएं शामिल हैं.
घने कोहरे से हादसा
समाचार एजेंसी पीटीआई ने उत्तर-मध्य रेलवे के प्रवक्ता आरडी वाजपेयी के हवाले से कहा है, "हादसा घने कोहरे की वजह से हुआ. इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए."
इससे पहले, दो जनवरी को भी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के कारण तीन रेल हादसे हुए थे. इन हादसों में 10 लोग मारे गए थे और 45 लोग घायल हुए थे.
वाजपेयी ने कहा कि दुर्घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं. घायलों को टुंडला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. क्षतिग्रस्त डिब्बे में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल दिया गया है.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना के कारण रेल यातायात बाधित हुआ है और कई ट्रेनों के मार्ग बदलने पड़े हैं. अधिकारियों के अनुसार रेल मार्ग शनिवार अपरान्ह तक शुरू होने की उम्मीद है.
































