अमर सिंह का इस्तीफ़ा मंज़ूर

अमर सिंह
इमेज कैप्शन, अमर सिंह पार्टी में अपने घटते कद से असंतुष्ट थे
    • Author, रामदत्त त्रिपाठी
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, लखनऊ

समाजवादी पार्टी प्रमुख़ मुलायम सिंह यादव ने पार्टी के असंतुष्ट महासचिव अमर सिंह का सभी पदों से इस्तीफ़ा स्वीकार कर लिया है.

इस्तीफ़ा मंज़ूर करते हुए मुलायम सिंह यादव ने अमर सिंह को भेजे एक फ़ैक्स में लिखा कि अमर सिंह का इस्तीफ़ा वे दुखी मन से स्वीकार कर रहे हैं.

इस फ़ैक्स में उन्होंने लिखा है,"आपने पार्टी को मज़बूत करने के लिए सबकुछ किया है और मैं हमेशा इस बात के लिए आभारी रहूँगा."

अमर सिंह ने महासचिव समेत पार्टी के तीन पदों से यह कहते हुए इस्तीफ़ा दे दिया था कि अब वो अपने स्वास्थ्य का ख़्याल रखना चाहते हैं लेकिन ये आम धारणा है कि अमर सिंह पार्टी में अपने घटते हुए क़द से नाराज़ थे.

ऐसी भी खबरें आ रहीं थी कि अमर सिंह ने इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी से भी मुलाक़ात करने के प्रयास किए थे.

अमर सिंह के इस्तीफ़ा देने के चार दिन बाद 10 जनवरी को समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने कहा था कि पार्टी महासचिव अमर सिंह का इस्तीफ़ा मंज़ूर नहीं किया गया है और सबकुछ ठीक हो जाएगा.

इस्तीफ़े पर अड़िग

मुलायम सिंह के इस बयान के बाद भी अमर सिंह ने कहा था कि वे महासचिव और पार्टी के दूसरे पदों से अपना इस्तीफ़ा वापस नहीं लेंगे.

उन्होंने बीबीसी हिंदी के साथ हुई बातचीत में बताया था कि उन्होंने स्वास्थ्यगत कारणों से इस्तीफ़ा दिया है और अब उनका शरीर इजाज़त नहीं देता कि वे ऐसी ज़िम्मेदारियाँ निभाएँ.

इस बातचीत में अमर सिंह ने यह तो स्वीकार किया था कि मुलायम सिंह यादव के भाई रामगोपाल यादव ने उनसे बात की है लेकिन उन्होंने कहा था, "परिवार के झगड़े को निपटाने के लिए मुखिया की तरह मुलायम सिंह यादव को ही कोई निर्णय लेना होगा."

अमर सिंह अपने गुर्दा प्रत्यारोपण को अपने इस्तीफ़े की वजह बताते रहे हैं लेकिन इस विवाद ने स्पष्ट कर दिया था कि रामगोपाल यादव से अनबन ही इसका कारण बना है.