उत्तर भारतीयों के बचाव में संघ

महाराष्ट्र में शिवसेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) पर उत्तर भारतीयों के ख़िलाफ़ अभियान चलाने का आरोप लगता है.
लेकिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) अब महाराष्ट्र में उत्तर भारतीयों के बचाव में उतर आई है.
आरएसएस के मुताबिक़ उसने अपने स्वयंसेवकों से कहा है कि वे महाराष्ट्र में उत्तर भारतीयों की रक्षा करें और हिंदी विरोधी भावनाएँ फैलने से रोकें.
रोक
आरएसएस के प्रवक्ता राम माधव ने जबलपुर में पत्रकारों से बातचीत में कहा, "संघ परिवार ने महाराष्ट्र में अपने स्वयंसेवकों से कहा है कि वे वहाँ उत्तर भारतीय और हिंदी विरोधी भावनाएँ फैलने से रोकें."
उन्होंने कहा कि संघ भाषा के आधार पर लोगों के साथ भेदभाव का विरोध करता है और मांग करता है कि ऐसी भावनाओं को भड़काने पर रोक लगनी चाहिए.
आरएसएस के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए राम माधव ने कहा कि संघ ये मानता है कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत एक है.
उन्होंने कहा कि लोगों के अधिकार की सुरक्षा के लिए क़दम उठाने की आवश्यकता है.
































