भारत अब अग्नि V की तैयारी में

भारत का मिसाइल कार्यक्रम 1983 में शुरू हुआ.
इमेज कैप्शन, भारत का मिसाइल कार्यक्रम 1983 में शुरू हुआ.

भारत ने कहा है कि एक साल के अंदर ही वो 5,000 किलोमीटर तक मार करनेवाली परमाणु क्षमता से लैस मिसाइल का परीक्षण कर सकेगा.

ज़मीन से ज़मीन पर मार करनेवाली ये अग्नि-V मिसाइल चीन और पाकिस्तान में मौजूद किसी भी लक्ष्य तक पहुंचने की क्षमता रखती है.

देश के प्रमुख रक्षा वैज्ञानिक वी के सारस्वत ने दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अग्नि III और अग्नि V के बाद चीन और पाकिस्तान में कोई ऐसा ठिकाना नहीं बचता जहां हम मार करना चाहते हैं लेकिन नहीं कर सकते.

सारस्वत का कहना था, “इस मिसाइल की योजना अब ड्रॉईंग बोर्ड से निकलकर कार्यान्यवित किए जाने के स्तर पर पहुंच गई है और साल भर के अंदर ही इसका पहला परीक्षण हो सकेगा.’’

सारस्वत ने कहा है भारत की सबसे ज़्यादा दूरी तक मार करनेवाली और परमाणु क्षमता से लैस मिसाइल अग्नि III सेना के इस्तेमाल के लिए पूरी तरह से तैयार है और इसे सेना को सौंप दिया जाएगा.

इस मिसाइल की मारक क्षमता 3,500 किलोमीटर तक की है.

'चीन से बेहतर'

अग्नि कार्यक्रम के निदेशक अविनाश चंदर का कहना था कि यदि इसकी तुलना चीन के 2,500 किलोमीटर तक मार करनेवाली डीएफ़-21 और डीएफ़-25 से करें तो तकनीक और लक्ष्य हासिल करने के मामले में अग्नि III बेहतर है.

भारत का मिसाइल कार्यक्रम 1983 में शुरू हुआ था और अब तक उसने इस क्षेत्र में काफ़ी प्रगति कर ली है.

पाकिस्तान ने भी अपना मिसाइल कार्यक्रम विकसित किया है और उन्होंने फ़ौजी अभ्यास के दौरान शाहीन II जिसकी मारक क्षमता 2,000 किलोमीटर की है का सफल प्रयोग किया है.

पाकिस्तान ने कहा है कि भारत के मिसाइल कार्यक्रम से क्षेत्र में हथियारों की नई दौड़ शुरू हो सकती है.