बिहार में जद(यू) का नया अध्यक्ष

शरद यादव
इमेज कैप्शन, शरद यादव ने नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा की
    • Author, मणिकांत ठाकुर
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, पटना

बिहार में सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष पद से राजीव रंजन सिंह उर्फ़ ललन सिंह का इस्तीफ़ा मंज़ूर कर लिया गया है.

अब इस पद पर विजय कुमार चौधरी को नियुक्त किया गया है. यह घोषणा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने रविवार को पटना में की.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सबसे ख़ास माने जाने वाले ललन सिंह पिछले कुछ महीनों में नीतीश कुमार से ख़ासे नाराज़ और कटे-कटे से रहने लगे.

उन्होंने जद (यू) में 'आतंरिक लोकतंत्र' ख़त्म करने और समर्पित पार्टी जनों की उपेक्षा करके तानाशाही तेवर के साथ पार्टी चलाने का सवाल परोक्ष रूप से नीतीश कुमार की तरफ उछाला था.

अनबन

मुख्यमंत्री से इसी अनबन के मद्देनज़र ललन सिंह ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे दिया था.

शरद यादव के लाख मानाने पर भी वो इस्तीफ़ा वापस लेने को राज़ी नहीं हुए.

विजय कुमार चौधरी कांग्रेस में लंबे समय तक रहने के बाद जद (यू) में आए.

वे ललन सिंह की ही जाति (भूमिहार) के हैं इसलिए कहा जाता है कि जातीय संतुलन बिठाने के तहत यह नियुक्ति हुई है.