लश्कर चरमपंथी को मारने का दावा

- Author, बीनू जोशी
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, जम्मू
अधिकारियों का कहना है कि भारत प्रशासित जम्मू कश्मीर के राजौरी ज़िले में सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच हुई मुठभेड़ में लश्करे तैबा का एक चरमपंथी मारा गया है.
सेना के अधिकारियों का कहना है कि रविवार को उन्हें ऐसी सूचना मिली थी कि कुछ चरमपंथी राज़ौरी ज़िले के जंगलों में छुपे हुए हैं.
इसके बाद सेना और पुलिस ने इस इलाक़े की घेराबंदी कर दी थी.
सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच रविवार रात से ही गोलीबारी चल रही थी.
अधिकारियों का कहना है कि इस दौरान लश्करे तैबा का एक चरमपंथी मुठभेड़ में मारा गया जबकि दो निकल भागने में सफल रहे.
सुरक्षाबलों ने इस मुठभेड़ में बच निकले चरमपंथियों की तलाश में अभियान छेड़ा है.
ग़ौरतलब है कि भारत प्रशासित जम्मू क्षेत्र के 220 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा और जम्मू से कश्मीर घाटी तक 720 किलोमीटर लंबी नियंत्रण रेखा पर हाल में फ़ायरिंग और कथित घुसपैठ की घटनाएँ बढ़ी हैं.




























