6.000 भारतीय दुनिया की जेलों में

भारत सरकार का कहना है 6,000 से ज़्यादा भारतीय दुनिया की 71 अलग अलग जेलों में बंद हैं.
विदेश राज्य मंत्री शशि थरूर ने लोकसभा में एक बयान में कहा है कि 6,470 भारतीय दुनिया की जेलों में बंद हैं और इनमें से 6,313 पुरूष और 157 महिलाएं हैं.
भारतीय क़ैदियों की सबसे ज़्यादा संख्या, 1,226, सऊदी अरब में है और 1,092 क़ैदियों के साथ संयुक्त अरब अमीरात दूसरे नंबर पर आता है.
पाकिस्तान की जेलों में 842 भारतीय बंद हैं और इनमें से ज़्यादातर अवैध तरीके से पाकिस्तानी सीमा में प्रवेश करने के आरोप में या सुरक्षा नियमों को तोड़ने के आरोप में गिरफ़्तार किए गए हैं.
चीन की जेलों में 174 भारतीय बंद हैं और इन पर हवाला, क्रेडिट कार्ड की धोखाधड़ी, बलात्कार और ड्रग्स की तस्करी के मुकदमे चल रहे हैं.
विदेश राज्य मंत्री का कहना था, ``अपने दूतावासों की मदद से हम दूसरे देशों की सरकारों के साथ हर संभव कोशिश करते हैं कि भारतीय नागिरकों की मदद कर सकें.’’
उनका कहना था कि दूतावास के अधिकारी जेलों में बंद भारतीयों के परिवारों से भी संपर्क में रहते हैं.




























