छह जगह माओवादी हमले

- Author, सलमान रावी
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, रायपुर
दक्षिणी छत्तीसगढ़ में कम से कम छह जगह माओवादियों ने हमला किया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार देर रात तक माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी जारी थी.
फ़िलहाल किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है.
कोंटा थाने के प्रभारी बीके टंडन ने बीबीसी को बताया कि भेदी, एर्राबोर, मड़ईगोड़ा और कोंटा सहित कम से कम छह स्थानों पर माओवादियों ने गोलीबारी की है.
उन्होंने बताया कि जिन स्थानों पर हमले किए गए हैं उनमें से कुछ में सलवा जुड़ुम के कैंप और कुछ में अर्धसैनिक बलों के कैंप हैं.
हालांकि इन हमलों के पूरे विवरण नहीं मिल सके हैं लेकिन पुलिस अधिकारियों का कहना है कि देर रात तक गोलीबारी जारी थी.
अधिकारियों का कहना है कि जब माओवादियों के बड़े जत्थे एक स्थान से दूसरे स्थान को जाते हैं तब भी वे सुरक्षा बलों का ध्यान बँटाने के लिए इस तरह की गोलीबारी करते हैं.
पिछले हफ़्ते ही दो दिनों के बंद के दौरान माओवादियों ने दंतेवाड़ा में एक कांग्रेसी नेता के घर पर हमला किया था जिसमें दो लोगों की मौत हुई थी.
इसके अलावा उन्होंने कई स्थानों पर कैंपों पर फ़ायरिंग की थी.
बस्तर में पिछले कुछ महीनों में सुरक्षा बलों पर कई बड़े हमले हुए हैं जिसमें केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ़) के सौ से अधिक जवानों की जानें जा चुकी हैं.
































