प्रधानमंत्री पर हमले शर्मनाक: सोनिया गाँधी

कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री पर जिस तरह से हमले किए जा रहे हैं वह शर्मनाक है.
दिल्ली में अपने आवास पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की विश्वनीयता के बारे में सब जानते हैं. 2-जी घोटाले के बाद उभरे विवाद के बारे में बात करते हुए सोनिया गाँधी ने ज़ोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री पर जिस तरह विपक्ष हमला कर रहा है वह गलत है.
उन्होंने कहा, "भ्रष्टाचार एक बीमारी है और हमें इससे लड़ने के लिए एक तंत्र बनाने की जरूरत है."
सोनिया गाँधी ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ कड़ा रूख अख्तियार करती रही है. उन्होंने नटवर सिंह, शशि थरूर, अशोक चह्वाण और 2जी घोटाले में ए राजा का नाम भ्रष्टाचार में आने पर उनसे इस्तीफ़े लिए जाने की बात की.
भारतीय जनता पार्टी पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा के समर्थन में जिस तरह खड़ी है उसे लोग देख रहे हैं.
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर विपक्ष के लगातार हो रहे हमलों को खारिज करते हुए सोनिया गाँधी ने कहा कि इससे पहले भी भाजपा ने वर्ष 2004 में चुनाव के दौरान जिस तरह से हमले किए थे उसका परिणाम उन्हें भुगतना पड़ा था. वे हार गए थे और मनमोहन सिंह को जीत मिली थी.
बिहार चुनाव में भाजपा-जद (यू) को मिली सफलता और कांग्रेस को मिली करारी हार के बारे में सोनिया गाँधी ने कहा कि पार्टी को वहाँ शून्य से शुरूआत करनी होगी.




























